Sunday, September 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महिला शक्ति ने जरूरतमंद बीमार महिला को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी

महिला शक्ति ने जरूरतमंद बीमार महिला को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी

फिरोजाबाद। जायंट्स ग्रुप ऑफ महिला शक्ति द्वारा 28 वर्षीय जरूरतमंद महिला को उपचार के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। बताया गया कि महिला किडनी की बीमारी से पीड़ित है और उसके ऑपरेशन एवं चिकित्सा उपचार के लिए करीब 8.5 लाख रुपये की आवश्यकता थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इतनी बड़ी राशि जुटाना उनके लिए संभव नहीं था। मामले की जानकारी प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अनु बंसल को हुई। उन्होंने इसकी जानकारी महिला शक्ति की पदाधिकारियों को दी। इसके बाद अध्यक्षा सीमा अग्रवाल, प्रशासनिक निदेशिका दीपाली सिंघल, वित्त निदेशिका गौरी बंसल एवं महिला शक्ति के सभी सदस्यों ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए महिला के उपचार के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। सदस्यों ने कहा कि इस सहायता से परिवार को कठिन समय में कुछ राहत मिल सकेगी। सभी सदस्यों ने महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। साथ ही समाज के लोगों से जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।