हिमांशु: कानपुर। सड़क हादसों को रोकने और अवैध वाहनों की मनमानी पर ब्रेक लगाने के लिए कानपुर RTO ने कमर कस ली है। परिवहन आयुक्त के आदेश पर 7 सितंबर से शहर में विशेष ‘ऑपरेशन कवच’ का आगाज किया गया। अभियान के पहले ही दिन RTO और परिवहन निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 वाहनों का चालान किया और उन्हें बंद (सीज) कराया। यह पूरी कार्रवाई संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO प्रवर्तन) राहुल श्रीवास्तव की अगुवाई में हुई, जिसमें PTO दीपक सिंह, अनिल कुमार और महेश वर्मा की टीम शामिल रही। टीम ने भौंती, सचेंडी और नौबस्ता जैसे प्रमुख हाईवे और एंट्री पॉइंट्स पर अचानक चेकिंग अभियान चलाया।
लंबी दूरी की स्लीपर बसें रडार पर
RTO प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि ‘ऑपरेशन कवच’ का मुख्य ध्यान लंबी दूरी तय करने वाली अनधिकृत स्लीपर बसों पर है, जो बिना पुख्ता सुरक्षा मानकों या परमिट के सड़कों पर दौड़ रही हैं। यातायात सुरक्षा को दुरुस्त करने के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
Jansaamna