Sunday, September 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिक्षकों को किया सम्मानित

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिक्षकों को किया सम्मानित

फिरोजाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि आज समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान और निष्ठा काफी बढ़ी है, जिसके लिए शिक्षक स्वयं बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अन्य पेशों और प्रशासनिक पदों की तुलना में शिक्षकों के पास मां सरस्वती की कृपा से स्वतंत्रता और सम्मानपूर्वक अध्यापन कराने का अनूठा अवसर होता है। शिक्षक और छात्र के बीच संवाद, अनुशासन और स्नेह जीवन पर अमिट छाप छोड़ता है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षण कार्य केवल एक विषय नहीं, बल्कि देश और समाज के भविष्य का निर्माण करने का अत्यंत महत्वपूर्ण और पवित्र दायित्व है। उन्होंने प्रधानमंत्री के संकल्प को दोहराते हुए शिक्षकों से प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान के माध्यम से विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित रखने का आह्वान किया। मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि शिक्षक समाज के आधार स्तंभ हैं। इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी राष्ट्र और समाज के प्रति सबसे अधिक है। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. सुनील यादव, प्रधानाचार्य, राजकीय हाईस्कूल नगला पट्टी; डॉ. सीमा यादव, प्रधानाचार्य, राजकीय हाईस्कूल कोडरा; योगेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक, राजकीय हाईस्कूल नारखी; शिवांगी लवानिया, सहायक अध्यापक, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टूंडला; यतेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य, दीनबंधु इंटर कॉलेज उसायनी; हिमांशु शर्मा, प्रवक्ता, डीएवी इंटर कॉलेज; महेश चंद दुबे, प्रहलाद टीकमानी इंटर कॉलेज; नारायण सिंह, प्रवक्ता, पुरातन सरस्वती बीएम इंटर कॉलेज; तथा हरेंद्र सिंह, प्रवक्ता, डाइट आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का लखनऊ से सजीव प्रसारण भी देखा गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।