Tuesday, September 8, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर समाधान का प्रयास करेगी कांग्रेस

जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर समाधान का प्रयास करेगी कांग्रेस

फिरोजाबाद। जिले में लगातार बारिश के चलते कई क्षेत्रों में हुए जलभराव से लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर कांग्रेस ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जलभराव प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर समाधान कराने का प्रयास करेंगे। रामनिवास यादव ने कहा कि बारिश के कारण जिले में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। आम रास्तों, गलियों, घरों और प्रतिष्ठानों में पानी भरने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए अधिकारियों से संपर्क करें।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद कई स्थानों पर जलभराव की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। जलभराव के कारण छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है, वहीं कई विद्यालयों में भी पानी भर गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जनता को इस तरह परेशान होते नहीं देख सकती। पार्टी लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही जलभराव प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। बैठक में राजवीर सिंह यादव, जितेंद्र तिवारी, अजय यादव, धर्मेंद्र यादव, शांतिदास शंखवार, अनिल यादव, उमर फारूक, संजय यादव, जयपाल सिंह, रामप्रवेश, राकेश कुमार, संजू शंखवार, संजय रावत आदि मौजूद रहे।