हाथरस। रेलवे स्टेशन यार्ड के पास बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर करीब 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि पीआरबी के माध्यम से रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर खंडेलवाल चौकी प्रभारी वीर सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी रेलवे पुलिस को दी। रेलवे पुलिस के अधिकारी और जवान भी मौके पर पहुंचे तथा शव को रेलवे लाइन से हटाकर पंचनामा की कार्रवाई की। मृतक की पहचान मनोज कुमार पुत्र देव प्रकाश निवासी भूतपुरा के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के पूर्व प्रधान राजेश के अनुसार, मनोज की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसके दो-तीन बच्चे हैं। बताया गया कि पिछले कुछ समय से उसकी पत्नी बच्चों के साथ अपने मायके में रह रही थी। घटना रेलवे ट्रैक के क्षेत्राधिकार से जुड़ी होने के कारण राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
Jansaamna