फिरोजाबाद। एक तरफ विभाग उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए जगह-जगह कैंप लगाकर उनकी समस्याओं का निराकरण करा रहा है, वहीं दूसरी ओर विभाग के ही अधिकारी और कर्मचारी कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने एसडीओ विद्युत विकास सिंह को ज्ञापन सौंपकर पीड़िता की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। विद्युत उपकेंद्र सिविल लाइन दबरई के रसीदपुर कनेटा निवासी मनीषा देवी पत्नी हरिओम ने बताया कि घर पर नया कनेक्शन लेने के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था, जिसे कई बार निरस्त कर दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि रिपोर्ट लगाने के नाम पर सिविल लाइन दबरई के जेई राहुल कुमार और कर्मचारी सुरेश कुमार ने सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
पीड़िता की सुनवाई न होने पर आम आदमी पार्टी ने विद्युत उपकेंद्र सिविल लाइन दबरई पर धरना-प्रदर्शन किया था। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शीलेंद्र वर्मा ने अधिशासी अभियंता ग्रामीण के नाम ज्ञापन एसडीओ विकास सिंह को सौंपा था। एसडीओ विकास सिंह ने बताया कि पीड़िता मनीषा देवी के घर पर शीघ्र ही कनेक्शन दे दिया जाएगा। अधीक्षण अभियंता ग्रामीण सदानंद ने कहा कि पीड़िता मनीषा देवी ने जेई और कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Jansaamna