Thursday, August 13, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आगरा कैंट स्टेशन और रेलवे कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था होगी मजबूत

आगरा कैंट स्टेशन और रेलवे कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था होगी मजबूत

आगरा/मथुरा। यात्रियों और रेलकर्मियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आगरा मंडल द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा कैंट रेलवे स्टेशन और रेलवे कॉलोनियों की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पांच नई ओवरहेड वाटर टंकियां तैयार की गई हैं। इन नई टंकियों के निर्माण का उद्देश्य स्टेशन और रेलवे कॉलोनियों में जलापूर्ति को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के साथ जल भंडारण क्षमता बढ़ाना है। इससे आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत आधार मिलेगा। पांच नई ओवरहेड वाटर टंकियों में से चार का निर्माण पाइपलाइन सहित पूरा हो चुका है। वहीं, एक टंकी का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, जबकि उससे संबंधित पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है।

कलाकृतियों से आकर्षक बनाया गया स्वरूप

रेलवे ने इन पानी की टंकियों को केवल उपयोगितावादी संरचना तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इनके बाहरी स्वरूप को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न कलाकृतियों का भी उपयोग किया गया है। इससे रेलवे परिसर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ यात्रियों और रेलकर्मियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार होगा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा यात्रियों एवं रेलकर्मियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जलापूर्ति, स्वच्छता, आधारभूत संरचना, यात्री सुविधाओं और रेलवे परिसरों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं।