फिरोजाबाद। हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और केंद्रीय कृषि मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आह्वान पर शिव वृक्ष परिवार द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। शिव वृक्ष मित्र डॉ. अमित गुप्ता ‘रक्तवीर’ के नेतृत्व में पारसनाथ मार्केट पार्क, रामलीला चौराहा और लंका वाली बगीची, रामलीला मैदान में 25 छायादार एवं फलदार पौधे, जिनमें बेल, अमरूद, आम और पीपल के पौधे शामिल थे, लगाए गए। इस दौरान प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। डॉ. अमित गुप्ता ‘रक्तवीर’ ने बताया कि देशभर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आह्वान पर हरियाली अमावस्या के अवसर पर वृक्ष मित्र परिवार के साथियों ने भी पौधारोपण कर इस संकल्प को जन-अभियान का स्वरूप दिया है। इसका संकल्प केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक सहेजने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करने का है। उन्होंने कहा, ‘‘आप भी जीवनरूपी पौधे रोपिए, धरती की हरियाली बढ़ाइए और जीवन को समृद्ध कीजिए।’’ इस अवसर पर पार्षद हरिओम वर्मा, पार्षद प्रमोद राजोरिया, सतीश चंद्र प्रजापति, संदीप शर्मा, बॉबी पहलवान, मुकुल दिवाकर, राहुल गुप्ता, रितेश आर्य, महेंद्र द्विवेदी, सत्यम अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
Jansaamna