Friday, October 23, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष

आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है। कांग्रेस ने प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह अजय राय की जगह लेंगी। सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा फरेंदा से विधायक चौधरी वीरेंद्र सिंह को कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं। आराधना मिश्रा ‘मोना’ वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। वह रामपुर खास सीट से लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पहले वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की नेता थीं। नई नियुक्ति के बाद यह जिम्मेदारी चौधरी वीरेंद्र सिंह को दी गई है।

प्रदेश संगठन में हुए इस बदलाव को कांग्रेस की 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नई टीम में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में इमरान मसूद तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस ने अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष पद से मुक्त करते हुए उनके कार्यकाल में दिए गए योगदान की सराहना की है। आराधना मिश्रा ‘मोना’ की नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रदेश संगठन और विधानमंडल दल, दोनों में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है।