फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सुहाग नगर चौराहे से सुभाष चौक स्थित जैन मंदिर तक निर्माणाधीन दो लेन उपरिगामी सेतु का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और नवंबर के अंत तक फ्लाईओवर को आम जनता के आवागमन के लिए चालू करने के निर्देश दिए। साथ ही सेतु की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी अथवा आईआईटी से अनिवार्य रूप से जांच कराने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि 1,291.69 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति 29 मार्च 2025 को प्राप्त हुई थी। परियोजना की मूल स्वीकृत लागत 7,269.78 लाख रुपये है। अब तक निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति 98 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 92 प्रतिशत हो चुकी है। सेतु के फाउंडेशन, सब-स्ट्रक्चर, डेक और बॉक्स गर्डर का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि क्रैश बैरियर लगाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सर्विस रोड के निर्माण के लिए 16 अक्टूबर को तकनीकी बिड खोली जा चुकी है। वित्तीय बिड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सर्विस रोड का निर्माण शुरू कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समय से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि नवंबर के अंत तक फ्लाईओवर को जनता के लिए खोला जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर कार्यरत सभी कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर), उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम, आगरा के उप परियोजना प्रबंधक, सहायक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Jansaamna