Saturday, October 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आयुर्वेदिक अस्पताल के जीर्णोद्धार की जगी उम्मीद, 2.60 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा

आयुर्वेदिक अस्पताल के जीर्णोद्धार की जगी उम्मीद, 2.60 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा

हाथरस। सासनी क्षेत्र स्थित जर्जर आयुर्वेदिक अस्पताल के दिन अब बहुरने की उम्मीद जगी है। अस्पताल के जीर्णोद्धार के लिए करीब 2.60 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव भेजे जाने के बाद अब क्षेत्रवासियों को शासन की मंजूरी का इंतजार है। अस्पताल की जर्जर स्थिति को देखते हुए यतेन्द्र शर्मा ने उत्तर प्रदेश के आयुष मंत्री को पत्र लिखकर इसके पुनर्निर्माण की मांग उठाई थी। पत्र का संज्ञान लेते हुए आयुष मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग ने जीर्णोद्धार के लिए 2.60 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया। प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद यतेन्द्र शर्मा ने आयुष मंत्री से इस पर शीघ्र निर्णय लेने का पुनः अनुरोध किया। इसके बाद मंत्रालय की ओर से अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस कार्रवाई से अस्पताल के जीर्णोद्धार की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अस्पताल की जर्जर हालत के कारण क्षेत्रवासियों को लंबे समय से बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल का जीर्णोद्धार होने से मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार कराने वाले लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें शासन की अंतिम स्वीकृति पर टिकी हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल के जीर्णोद्धार का कार्य आगे बढ़ सकेगा।