हाथरस। पीईटी-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। प्रत्येक पाली में 6,576 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के आधार कार्ड और प्रवेश पत्र का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही एआई तकनीक के माध्यम से बायोमेट्रिक जांच भी की गई। नकल रोकने के लिए अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाकर तलाशी ली गई। महिला अभ्यर्थियों के आभूषण उतरवाने के साथ ही उनके बालों के जूड़े भी खुलवाकर जांच की गई। परीक्षा के चलते कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश रहा। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से बरेली-मथुरा कैंट के बीच विशेष ट्रेन संचालित की गई, जो निर्धारित समय से 17 मिनट पहले हाथरस सिटी स्टेशन पहुंची। वहीं, रोडवेज की ओर से अलीगढ़, कानपुर, एटा और रायबरेली मार्गों पर अतिरिक्त बसों के साथ-साथ बसों के फेरे भी बढ़ाए गए। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए थे।
Jansaamna