Sunday, November 1, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कांग्रेसियों ने मनाया इंदिरा गांधी का बलिदान दिवस, पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर किया नमन

कांग्रेसियों ने मनाया इंदिरा गांधी का बलिदान दिवस, पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर किया नमन

फिरोजाबाद। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस तथा भारत रत्न एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल और प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी आचार्य नरेंद्र देव की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तीनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि स्व. इंदिरा गांधी ने अपनी कड़ी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अनुशासन के बल पर देश को नई दिशा देने का काम किया। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत की विजय और बांग्लादेश के गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने देश की एकता, खुशहाली और विकास के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कई बार जेल गए। देश की आजादी और रियासतों के एकीकरण में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। वहीं, आचार्य नरेंद्र देव के विचारों और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को भी याद किया गया। कार्यक्रम में जितेंद्र तिवारी, प्रदीप कुमार शर्मा एडवोकेट, शैलेंद्र शुक्ला, शांतिदास शंखवार, उमर फारूक, शाहनवाज, धर्मेंद्र यादव, अजय कुमार शर्मा, संदीप कुमार ओझा, रिजवान गाजी, फहीम खान, इंद्रभान, विवेक कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।