» कब्र से शव निकलवाकर फिरोजाबाद लाए परिजन, दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग; कॉलेज चेयरमैन और बेटे की गिरफ्तारी को लेकर उठाई आवाज
फिरोजाबाद। जीएनएम की छात्रा प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में आरोपित नर्सिंग कॉलेज के चेयरमैन और उनके बेटे की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। परिजनों ने मैनपुरी में दफनाए गए छात्रा के शव को कब्र से निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई। हालांकि, फिरोजाबाद पहुंचने से पहले ही मटसेना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। मैनपुरी जिले के औंछा थाना क्षेत्र के गांव मधन निवासी सोनपाल की 17 वर्षीय बेटी प्रीति फिरोजाबाद के मटसेना क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम की पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार को कॉलेज में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद परिजन शव को अपने गांव ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार करने के बजाय उसे दफना दिया गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें कोई सहयोग नहीं दिया। मृतका के पिता सोनपाल के मुताबिक, उन्होंने कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मांगी थी, लेकिन प्रबंधन ने फुटेज देने से इनकार कर दिया। इसी वजह से उन्हें बेटी की मौत को लेकर संदेह है। पिता का कहना है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। इसी मांग को लेकर शनिवार सुबह परिजनों ने कब्र से शव निकलवाया और दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए फिरोजाबाद रवाना हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। जिला मुख्यालय पहुंचने से पहले ही मटसेना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, कुछ परिजनों को मैनपुरी के घिरोर क्षेत्र में रोके जाने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने शव को दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। इधर, छात्रा के परिजनों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर नर्सिंग कॉलेज के चेयरमैन और उनके बेटे की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। कब्र से शव निकाले जाने की सूचना पर एएसपी ग्रामीण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। छात्रा की संदिग्ध मौत को लेकर परिजनों में आक्रोश है। अब दोबारा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही उसकी मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
Jansaamna