Saturday, October 31, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने नगर आयुक्त से शिष्टाचार भेंट कर जताया आभार

ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने नगर आयुक्त से शिष्टाचार भेंट कर जताया आभार

फिरोजाबाद। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य प्रभातफेरी के सफल आयोजन को लेकर उत्तर प्रदेश ठेका सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त प्रशांत नागर से शिष्टाचार भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार वाल्मीकि के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को भगवान महर्षि वाल्मीकि का चित्र भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। संघ पदाधिकारियों ने शासनादेश के अनुसार एक अप्रैल 2026 से कुशल एवं अकुशल ठेका सफाई कर्मचारियों के बढ़े हुए मानदेय के बकाया एरियर का भुगतान कराने तथा दीपावली से पूर्व बोनस दिलाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि ठेका सफाई कर्मचारी नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके परिश्रम और योगदान को देखते हुए लंबित एरियर एवं बोनस का भुगतान शीघ्र कराया जाना चाहिए। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अनिकेत चौहान, महानगर अध्यक्ष अमरजीत शेरा, अनिकेत अंबेडकर, पूर्व जिला अध्यक्ष निगम वाल्मीकि, युवा नेता सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।