Sunday, November 1, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में राष्ट्रीय एकता शपथ के साथ आयोजित हुई ‘रन फॉर यूनिटी’

आरेडिका में राष्ट्रीय एकता शपथ के साथ आयोजित हुई ‘रन फॉर यूनिटी’

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने प्रधान विभागाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों के साथ राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। वहीं, अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर उप मुख्य विभागाध्यक्षों के नेतृत्व में शपथ ग्रहण की। आरेडिका खेलकूद संघ एवं कार्मिक विभाग की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल के जवानों, उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के जवानों, बच्चों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक महेश सिंह ने प्रतिभागियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकीकरण के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन भी किया जाता है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मिले पुरस्कार

आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में सतर्कता विभाग की ओर से 26 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। महाप्रबंधक रामन कृष्णन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों, राजपत्रित अधिकारियों एवं अराजपत्रित कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसी क्रम में 31 अक्टूबर को मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक महेश सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों में सतर्कता, पारदर्शिता और ईमानदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। यह जानकारी आरेडिका के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डीके सक्सेना ने दी।