Sunday, November 1, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में स्काउट्स एवं गाइड्स की प्रथम जिला स्तरीय रैली का सफल समापन

आरेडिका में स्काउट्स एवं गाइड्स की प्रथम जिला स्तरीय रैली का सफल समापन

रायबरेली। उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली की ओर से 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक जिला प्रशिक्षण केंद्र, एमसीएफ रायबरेली में प्रथम जिला स्तरीय रैली का आयोजन किया गया। रैली में लगभग 170 स्काउट्स एवं गाइड्स ने प्रतिभाग किया। इनमें 35 प्रतिभागी मुरादाबाद मंडल और 35 प्रतिभागी लखनऊ मंडल से शामिल हुए।
रैली का शुभारंभ 27 अक्टूबर को मुख्य जिला आयुक्त कामेश्वर पासवान ने ध्वजारोहण कर किया। रैली में कुल सात टीमों का गठन किया गया। इनके बीच टेंट पिचिंग, मार्च पास्ट, कैंप क्राफ्ट, गैजेट्स निर्माण, बैकवुड मैन कुकिंग, मोर्स कोड सिग्नलिंग, अग्निशमन, गायन, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, ब्राइडल मेकिंग और फैशन शो सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
30 अक्टूबर को भव्य ग्रैंड कैंप फायर का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में आरेडिका के महाप्रबंधक रामन कृष्णन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा एवं सदस्याओं, बच्चों के अभिभावकों तथा लखनऊ और मुरादाबाद से आए पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर ग्रैंड कैंप फायर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रतिभागियों ने गोंधल, गरबा, गिद्धा और छठ जैसे पारंपरिक नृत्यों के साथ महाभारत के चीरहरण प्रसंग, महाकाली नृत्य तथा छोटे बच्चों ने पपेट डांस प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। वहीं, रैली के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अधिकारियों एवं पदाधिकारियों को भी महाप्रबंधक ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने स्काउट्स एवं गाइड्स के उच्च आदर्शों और जीवन में अनुशासन, सेवा एवं सहयोग की भावना के महत्व की सराहना की। उन्होंने युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में स्काउटिंग एवं गाइडिंग की शिक्षा को आवश्यक बताया।
रैली का समापन 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ के आयोजन के बाद सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य जिला आयुक्त कामेश्वर पासवान, जिला आयुक्त (स्काउट) अनिल कुमार मिश्रा, सहायक जिला आयुक्त नीरज श्रीवास्तव, जिला सचिव आदित्य प्रकाश, डीओसी (गाइड) श्रीमती शबीना बानो, डीओसी (स्काउट) दीपक कुमार सहित अन्य लीडर्स ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह जानकारी आरेडिका के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डीके सक्सेना ने दी।