Sunday, November 1, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 2.33 लाख किसानों के खातों में पहुंची 46.73 करोड़ रुपये की सम्मान निधि

2.33 लाख किसानों के खातों में पहुंची 46.73 करोड़ रुपये की सम्मान निधि

फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री द्वारा गुजरात के बनासकांठा से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त देशभर के किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इसके तहत जनपद फिरोजाबाद के 2,33,651 किसानों के खातों में कुल 46 करोड़ 73 लाख 2 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विकास भवन सभागार में आयोजित पीएम किसान उत्सव में किसानों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार किसानों के हित में संचालित सभी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी कृषि भूमि धारक किसानों से अनिवार्य रूप से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री होने से किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक, बीज, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और खाद्यान्न खरीद सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि जनकल्याण के उद्देश्य से 16 से 30 नवंबर तक जनगणना अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी नागरिकों को स्वगणना करनी होगी। वहीं, मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 12 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा। इसके तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों तथा जनवरी 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम फार्म-6 के माध्यम से जोड़े जाएंगे। सदर ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचती है। उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीएम किसान योजना से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कृषि भवन में हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। ग्राम पंचायत स्तर पर तैनात कृषि विभाग के कर्मचारी भी किसानों की समस्याओं का निस्तारण कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से पराली नहीं जलाने तथा जल संरक्षण के लिए ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई विधियां अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में मनमोहन सिंह, विष्णु दत्त शर्मा, अरविंद कुमार, चरण सिंह, पुरुषोत्तम, प्रमोद कुमार, वीरेंद्र सिंह और जयप्रकाश गौतम सहित अन्य किसानों को निःशुल्क सरसों बीज मिनीकिट वितरित किए गए। वहीं, सुरेंद्र सिंह को कस्टम हायरिंग सेंटर की चाबी सौंपकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए सुभाष चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी सहायक निदेशक मत्स्य गौरव सिन्हा, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी दीपक त्यागी, जाविद अली, दलवीर सिंह, रमन देव शर्मा, राजेश यादव, प्रेमकिशोर, शैलेंद्र कुमार, मनोज यादव और नागेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।