Tuesday, November 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बाल विवाह रोकथाम अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

बाल विवाह रोकथाम अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

हाथरस। जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में सोमवार को थाना एएचटीयू पुलिस टीम द्वारा बाल विवाह रोकथाम जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बागला पीजी कॉलेज, हाथरस में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, सामाजिक विकास और उज्ज्वल भविष्य में बाधा उत्पन्न करता है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सभी को इसके खिलाफ जागरूक होकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए। साथ ही अपील की कि यदि आसपास कहीं भी किसी नाबालिग के विवाह की जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित पुलिस थाने अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।
अभियान के दौरान आमजन से भी बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता से ही बाल विवाह पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं आमजन को जागरूक कर समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में प्रयास करना रहा।