Tuesday, November 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भव्य गंगा आरती के साथ डलमऊ महोत्सव-2026 का शुभारंभ

भव्य गंगा आरती के साथ डलमऊ महोत्सव-2026 का शुभारंभ

♦ मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर किया उद्घाटन, 100 से अधिक स्टाल बने आकर्षण का केंद्र
रायबरेली। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेला एवं डलमऊ महोत्सव-2026 का शुभारंभ बुधवार को डलमऊ के वीआईपी घाट पर भव्य गंगा आरती के साथ हुआ। खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर महोत्सव का शुभारंभ किया।
इस दौरान बनारस से आई विशेष मंडली ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक विधि-विधान से भव्य गंगा आरती संपन्न कराई। आरती के दौरान घाट परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मां गंगा से जनपद की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
इसके बाद भागीरथी गेस्ट हाउस के सामने आयोजित मेले में अतिथियों ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया। सूचना विभाग की प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि ऐसे आयोजन स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही कारीगरों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का बेहतर अवसर देते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना की प्रतीक हैं। डलमऊ की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरती पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भव्य गंगा आरती में शामिल होना गौरव की बात है। गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि हमारी सनातन परंपरा, सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत की जीवनधारा हैं। उन्होंने जनपदवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं डलमऊ महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
महोत्सव में 100 से अधिक स्टाल लगाए गए हैं। इनमें विभिन्न जनपदों से आए कारीगरों एवं उद्यमियों के खादी, ऊनी और रेशमी वस्त्र, हर्बल उत्पाद, मिट्टी के बर्तन, हस्तशिल्प, जैविक खाद्य पदार्थ, मसाले, अचार, पापड़, मुरब्बे और कालीन सहित विभिन्न उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा सूचना विभाग एवं स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोककला और भारतीय संस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरी।
कार्यक्रम में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी देवेन्द्रानंद गिरि महाराज, बड़ा मठ डलमऊ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विशाल कुमार यादव, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, एसडीएम डलमऊ श्याममणि त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी, नगर पंचायत अध्यक्ष बृजेश दत्त गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।