Sunday, June 14, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » दहेज में मोटर साइकिल की मांग को लेकर विवाहिता को घर से निकाला

दहेज में मोटर साइकिल की मांग को लेकर विवाहिता को घर से निकाला

पति सास ससुर सहित 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रसूलाबाद/कानपुर देहात, संतोष गुप्ता। शादी के मात्र 16 महीने बाद ही दहेज की निरन्तर बढ़ती मांग पूरी करने में कन्या पक्ष द्वारा असमर्थता व्यक्त करने को लेकर ससुराल पक्ष के दहेज के भूखे भेड़ियों ने विवाहिता को बुरी तरह मारपीट व प्रताड़ित कर घर से निकाल दिए जाने पर पीड़िता की शिकायत पर थाना रसूलाबाद में सास, ससुर, पति, जेठ, जिठानी के खिलाफ दहेज अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना रसूलाबाद में दर्ज कराए मुकदमे में पीड़िता मंजू पाल पुत्री सर्वेश पाल ने कहा है कि उसकी शादी 16 अप्रैल 20 में अनुज पाल पुत्र हृदय पाल निवासी दायी का पुरवा मंधना बिठूर के साथ यथा शक्ति दान दहेज के साथ धूमधाम के साथ हुई थी। शादी में कुल लगभग 18 लाख रुपया खर्च हुआ था।
पीड़िता मंजू पाल का आरोप है कि शादी के बाद ही दहेज में बुलेट मोटर साइकिल की मांग को लेकर ससुरालीजनों ने प्रताड़ित करना चालू कर दिया तथा मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया।
उसका यह भी आरोप है कि 13 सितंबर 20 को सास, ससुर, पति, जेठ, जिठानी ने एक राय होकर दहेज की मांग को लेकर मेरे साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया।
पुलिस ने दहेज अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोषियों की तलाश शुरू कर दी है।