Wednesday, June 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » गांधी पार्क चौराहे से नालबंद चौराहे तक इण्टर लॉकिंग निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ

गांधी पार्क चौराहे से नालबंद चौराहे तक इण्टर लॉकिंग निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ

फिरोजाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। नगर फिरोजाबाद में गाँधी पार्क चौराहे से नालबंद चौराहे तक सदर रोड पर विगत 17 वर्ष से किसी प्रकार का कोई कार्य नहीं कराया गया था। उक्त सड़क की मरम्मत हेतु समय-समय पर नगर के प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों, क्षेत्रीय पार्षदों एवं आम नागरिकों द्वारा मांग की जाती रही है। इसी को मद्दे नजर रखते हुए नगर निगम के अवर अभियंता द्वारा आगणन तैयार कराया गया और उसी के अनुक्रम में आज गाँधी पार्क चौराहे से नालबंद चैराहे तक सदर रोड पर हाॅटमिक्स द्वारा सड़क सुधार कार्य, वाइट पटरी व कैट आई तथा दोनों साइड के फुटपाथ पर कलर्ड इण्टर लाॅकिंग निर्माण कार्य का शिलान्यास महापौर नगर निगम फिरोजाबाद नूतन राठौर द्वारा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप सिंह लोधी व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नानक चन्द्र अग्रवालएवं जिला महामंत्री अवधेश पाठक की उपस्थिति में हवन-पूजन करके किया गया। उक्त निर्माण कार्य के सम्पन्न कराने हेतु नगर निगम फिरोजाबाद को 14वें वित्त आयोग के अन्तर्गत प्राप्त धनराशि से लगभग रु0 2.00 करोड़ की धनराशि व्यय करनी पड़ेगी।
महापौर द्वारा उपरोक्त निर्माण कार्य से सम्बन्धित ठेकेदार को कड़े निर्देश दिए गये कि वह निर्धारित मानकोें के अनुरूप तथा नियत समय सीमा के अन्तर्गत निर्माण कार्य को सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। निर्माण कार्य में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सम्बन्धित अवर अभियंता को भी महापौर द्वारा दिशा-निर्देश दिए गये कि वह निर्माण कार्य के सम्पन्न होने तक समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण करते रहें, जिससे ठेकेदार घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग न कर सके। इसके पश्चात भी यदि ठेकेदार घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग करते हुए पाया जाए तो उसके विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए।