फिरोजाबाद। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी से जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित तीन सूत्रीय मांग-पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव और महानगर अध्यक्ष शफात खान राजू ने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग किया है। उन्होंने मांग की कि उन्हें तत्काल पद से बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर करोड़ों वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और इससे भाजपा को चुनावी लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
अट्टावाला जैन मंदिर में भक्तिभाव से संपन्न हुई जलधारा
फिरोजाबाद। दिगंबर जैन अट्टावाला मंदिर में सोमवार को वार्षिक जलधारा महोत्सव भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। पीत वस्त्र धारण किए इंद्र बने श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ नेवज और जल लेकर मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक कर स्वयं को धन्य माना। वरिष्ठ अधिवक्ता कुलदीप मित्तल ने बताया कि दिगंबर जैन अट्टावाला मंदिर को नगर के प्रथम जैन मंदिर होने का गौरव प्राप्त है। इस मंदिर की स्थापना चंद्रवार से यहां आकर बसे अग्रवाल जैनों ने की थी। मंदिर एक अट्टे पर स्थापित किए जाने के कारण बाद में इसका नाम अट्टावाला मंदिर पड़ गया। अध्यक्ष संजय जैन घंटू ने बताया कि मंदिर में मूलनायक भगवान के रूप में पंच बालयति—भगवान वासुपूज्य, मल्लिनाथ, नेमिनाथ, पार्श्वनाथ और महावीर स्वामी—की मनोज्ञ प्रतिमाएं स्थापित हैं। उन्होंने बताया कि ये सभी बाल ब्रह्मचारी भगवान हैं।
अंडर-19 बालिका वर्ग में रेवती देवी और अंडर-17 में महात्मा गांधी की टीम विजेता
फिरोजाबाद। तिलक इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर माध्यमिक विद्यालयों की क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में फिरोजाबाद क्षेत्र के 12 विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में रेवती देवी इंटर कॉलेज ने रामा कन्या विद्यालय को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज ने जेवी इंटर कॉलेज को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया।
Read More »जनता की शिकायत पर सिर्फ आदेश नहीं, मौके पर समाधान कराएं : डीएम
हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों, एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनता दर्शन से जोड़ा है। जनता दर्शन में शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संबंधित अधिकारी से प्रकरण की स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली जा रही है। डीएम ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस और थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
प्रदीप मोहन दीक्षित ने संभाला क्षेत्रीय प्रबंधक का कार्यभार
हाथरस। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, हाथरस में प्रदीप मोहन दीक्षित ने नवागत क्षेत्रीय प्रबंधक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। मुख्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद दीक्षित ने अधिकारियों के साथ बैंक के व्यवसाय, ऋण वितरण एवं वसूली, एनपीए नियंत्रण, जमा वृद्धि, ग्राहक सेवा तथा डिजिटल बैंकिंग की समीक्षा की। उन्होंने सितंबर 2026 के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने, गुणवत्तापूर्ण ऋण वितरण, प्रभावी वसूली और बेहतर ग्राहक सेवा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने शाखा प्रबंधकों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए टीम भावना और अनुशासित कार्यशैली के साथ मार्च 2027 तक निर्धारित व्यावसायिक लक्ष्यों को हासिल करने का आह्वान किया। बैठक में बेहतर प्रदर्शन करने वाली शाखाओं और शाखा प्रबंधकों के कार्यों की सराहना भी की गई।
जनता दरबार में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं
हाथरस। सासनी तहसील परिसर में सोमवार को एसडीएम शिवप्रकाश यादव की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। तहसीलदार डॉली यादव ने इसका संचालन किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले जनता दरबार में ग्रामीणों ने राजस्व, भूमि विवाद, रास्ते, नाली, जलभराव, बिजली सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। एसडीएम ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का पारदर्शी तरीके से समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। तहसीलदार डॉली यादव ने भी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आरेडिका में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित
रायबरेली। आरेडिका में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक सोमवार को महाप्रबंधक रामन कृष्णन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रधान विभागाध्यक्षों ने हिस्सा लिया। बैठक में पिछली तिमाही में हुई राजभाषा संबंधी गतिविधियों और राजभाषा प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। इसके अलावा आगामी तिमाही में प्रस्तावित कार्यक्रमों और गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी गतिविधियों की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य राजभाषा अधिकारी ओंकार शरण सिंह ने बताया कि हिंदी पखवाड़े के समापन पर 30 सितंबर को सांस्कृतिक संध्या, कवि सम्मेलन और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
हिंदी को ज्ञान, प्रशासन और तकनीक में बढ़ावा देने पर जोर
➤ डाक विभाग के हिंदी पखवाड़े का समापन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता पुरस्कृत
अहमदाबाद। डाक विभाग की ओर से आयोजित हिंदी पखवाड़े का समापन सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल एवं साहित्यकार कृष्ण कुमार यादव ने की। इस दौरान हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को हिंदी पुस्तकें और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि राजभाषा के रूप में हिंदी ने राष्ट्रीय स्तर पर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हिंदी को केवल हिंदी दिवस या पखवाड़े तक सीमित न रखकर ज्ञान, व्यवहार, प्रशासन, तकनीक और सृजन के विभिन्न क्षेत्रों में इसके प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने की जरूरत है।
संत चरण दास की 323वीं जयंती श्रद्धा-भक्तिभाव से मनाई
मथुरा। भार्गव सभा मथुरा की ओर से संत चरण दास की 323वीं जयंती सर्वेश्वरी सदन, गोविंद नगर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज कुमार भार्गव रहे। इस अवसर पर समाज के लोगों ने संत चरण दास के जीवन, तपस्या और आध्यात्मिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संत चरण दास जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद महिलाओं ने भजन प्रस्तुत कर संत चरण दास जी के जन्मोत्सव की बधाई दी। कार्यक्रम में समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
निर्वाचन आयोग का विस्तृत स्पष्टीकरण, एसआईआर के सभी फैसले सर्वसम्मति से
कविता पंत: नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगे आरोपों और एसआईआर को लेकर जारी विवाद के बीच निर्वाचन आयोग ने आज स्पष्ट किया कि मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े सभी निर्णय तीनों आयुक्तों की सर्वसम्मति और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ही लिए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने अपना आधिकारिक बयान जारी किया और चुनाव आयुक्तों की असहमति के विवाद पर विस्तार से स्पष्टीकरण जारी किया है। आयोग के महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल ने बयान जारी करते हुए कहा कि आज आयोग की बैठक हुई। आयोग ने स्पष्ट किया कि एसआईआर से जुड़े सभी निर्णय तीनों आयुक्तों की सर्वसम्मति और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ही लिए गए हैं।
Jansaamna