Monday, May 6, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मृतक व्यापारी ज्ञानचंद साहू की पत्नी को आजीवन 10 हजार रूपए महीने की आर्थिक मदद देंगेः नन्दी

मृतक व्यापारी ज्ञानचंद साहू की पत्नी को आजीवन 10 हजार रूपए महीने की आर्थिक मदद देंगेः नन्दी

कानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं कानपुर नगर के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के मंगलवार को नगर पहुंचने पर पिछले दिनों बांस मण्डी में हुए अग्निकाण्ड के शिकार व्यापारियों ने मंत्री नन्दी से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई। मंत्री नन्दी से मुलाकात करने वालों में अग्निकांड में मृतक व्यापारी ज्ञानचंद साहू की पत्नी दीपा साहू भी शामिल रहीं। जिन्होंने मंत्री नन्दी को अपनी पीड़ा के साथ ही छोटे-छोटे बच्चों की जिम्मेदारी से अवगत कराया तो मंत्री नन्दी ने एक बड़े भाई की तरह व्यापारी की पत्नी को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे जीवन पर्यन्त उन्हें प्रत्येक महीने दस हजार रूपऐ की आर्थिक मदद करते रहेंगें। मंत्री नन्दी ने कहा कि जब तक मैं जिंदा रहूंगा, या जब तक आप जिंदा रहेंगी, आप को हर महीने आर्थिक मदद मिलती रहेगी।
कैबिनेट मंत्री औद्योगिक विकास व कानपुर के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के कानपुर आगमन पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ क्षेत्रीय सह-संयोजक विनोद गुप्ता अग्निकांड में मृतक व्यापारी ज्ञानचंद साहू की पत्नी पीड़िता दीपा साहू व उनके बच्चो को मंत्री नंदी गुप्ता से मुलाकात कराने जिलाध्यक्ष सुनील बजाज के आवास पर ले गए। जहां बड़ी संख्या में व्यापारी भी मौजूद थे। विनोद गुप्ता ने मृतक व्यापारी के साथ हुई ह्रदयविदारक घटना से मंत्री नन्दी को अवगत कराया। कहा कि अग्निकाण्ड ने इनके परिवार के आजीविका का एक मात्र सहारा इनके पति को छीन लिया है। पीड़िता दीपा साहू भी मंत्री के सामने रोते हुए बिलख पड़ी और मंत्री नन्दी के कंधे पर अपना सिर रखते हुए रोने लगी। मंत्री नन्दी ने एक बड़े भाई की तरह पीड़ित महिला को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया और दुख की इस घड़ी में हिम्मत से काम लेने का ढांढस बंधाया। मंत्री नन्दी ने कहा कि हम आपके भाई हैं, हमारे रहते आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है।
मंत्री नन्दी ने व्यापारी नेता विनोद गुप्ता से तत्काल पीड़िता के बैंक एकाउण्ट पासबुक के साथ ही अन्य दस्तावेज मांगा।
मंत्री नन्दी ने ज्ञानचंद साहू की पत्नी से कहा कि बहन जीवन पर्यन्त यानी जब तक मैं जीवित रहूंगा, या जब तक आप जीवित रहेंगी, तब तक प्रत्येक महीने दस हजार रूपए की आर्थिक मदद आपको मिलती रहेगी। यही नहीं मंत्री नन्दी ने कहा कि आंगनबाड़ी में कहीं नौकरी के लिए भी डीएम से बात की जायेगी। जिस पर पीड़िता ने आभार जताया। मंत्री नन्दी ने व्यापारी नेताओं से कहा कि पीड़ित महिला का ध्यान रखें कोई समस्या हो तो अवगत कराएं।
इस दौरान व्यापारियों ने मंत्री नन्दी को अग्निकाण्ड से सम्बंधित मांग पत्र सौंपते हुए अग्निकाण्ड के शिकार व्यापारियों को विशेष राहत पैकेज दिए जाने, दुकानें बना कर दिए जाने, पीड़ित व्यापारियों का सभी प्रकार का ऋण माफ कराए जाने, वर्ष 2023-24 के जीएसटी व आयकर से राहत दिलाए जाने और नगर निगम के साथ बिजली विभाग की देनदारी से भी राहत दिलाए जाने की मांग की। जिस पर मंत्री नन्दी ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी से बात करके सभी व्यापारियो को राहत दिलाए जाने का प्रयास किया जाएगा। व्यापारियों के प्रतिनिधिमण्डल में विजय गुप्ता मार्बल, रोशन लाल अरोड़ा, शेष नारायण त्रिवेदी, हिमांशु पाल, विशाल अग्रवाल, रमेश अग्रहरि, शीबू गुप्ता आदि शामिल रहे।