Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बस स्टैंड के निर्माण में करोड़ों खर्च के बाद भी मूलभूत सुविधाओं से यात्री वंचित

बस स्टैंड के निर्माण में करोड़ों खर्च के बाद भी मूलभूत सुविधाओं से यात्री वंचित

♦ बस स्टैंड पर बसों के अभाव में फर्श पर लेट कर इंतजार कर रहे यात्री
मथुरा: श्याम बिहारी भार्गव । केंद्र की प्रसाद योजना से करोड़ों रुपए खर्च कर बनाए गए बस स्टैंड पर यात्री मूल सुविधाओं से वंचित हैं। बस स्टैंड पर बसों के आवागमन से प्रभावित यात्री फर्श पर लेट कर इंतजार करते नजर आ रहे हैं। धार्मिक स्थल गोवर्धन से दिल्ली के लिए मात्र दो बसों का संचालन हो रहा है, वह भी सुबह सात बजे निकल जाती हैं, इसके बाद दिल्ली के लिए बस स्टैंड से कोई बस नहीं है। आगरा फिरोजाबाद के लिए एक भी संचालन की व्यवस्था नहीं है। जबकि गोवर्धन में गिरिराज दर्शन के लिए आगरा होते हुए हजारों यात्री प्रतिदिन गोवर्धन पहुंचते हैं। इस ओर परिवहन निगम के अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है। तीर्थ स्थल गोवर्धन को विश्व पटल पर विख्यात करने के लिए योगी सरकार ने केंद्र की प्रसाद योजना से 342 लाख रुपए खर्च कर वास्तुकला पर आधारित बस स्टैंड का निर्माण कार्य कराया था। करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी बस स्टैंड पर तीर्थ यात्री मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। यात्रियों के बैठने लिए बैंच तक नहीं लगाई गई हैं। दिल्ली, नोएडा, आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, आदि से गोवर्धन आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए बसों की कोई व्यवस्था नहीं है। बसों के अभाव में यात्री बस स्टैंड पर फर्श पर लेट कर इंतजार करने पर मजबूर हैं। इस ओर परिवहन निगम के अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है। परिवार के साथ दिल्ली से गिरिराज जी के दर्शन करने गोवर्धन आई, शिवानी सिंह ने बताया कि जितना अच्छा बस स्टैंड बना है, उसके अनुरूप व्यवस्था नहीं है। दिल्ली जाने के लिए दिन में कोई बस नहीं है। बैठने के लिए बेंच लगवानी चाहिए, यात्री फर्श पर बैठकर बसों के इंतजार में बैठे हैं। बसों के संचालन की जानकारी के लिए परिवहन निगम के ए आर एम से संपर्क करने का प्रयास किया। उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।