Sunday, May 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बागपत जिले की नगर निकाय चुनाव में 63.12 प्रतिशत मतदान संपन्न

बागपत जिले की नगर निकाय चुनाव में 63.12 प्रतिशत मतदान संपन्न

विश्व बंधु शास्त्री; बागपत। उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में हुए चुनाव में बागपत की सभी 9 नगर निकायों में आज शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हो गया।
बागपत जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी राजकमल यादव ने बताया कि जनपद की तीन नगरपालिका, छह नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद व सभासद पद के लिये सकुशल मतदान संपन्न हुआ। तीन नगर पालिका व 6 नगर निकायों में 149 वार्ड के लिए 103 मतदान केंद्रों के 294 मतदेय स्थलों पर 267949 मतदाता को मतदान करना था, जिसमें से कुल 169117 मतदाताओं ने मतदान किया। जनपद में मतदान 63.12 % के साथ संपन्न हुआ।
नगर निकाय निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 37 संवेदनशील व 13 अतिसंवेदनशील केंद्र, 18 अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र बनाए गए थे। कुल 68 संवेदनशील केंद्र बनाए गए थे, जो 14 ज़ोन व 44 सेक्टर में विभाजित किये गए थे। जिसके लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे। 27 आरओ व 29 एआरओ नियुक्त किये गए थे। साथ ही 15 प्रभारी अधिकारी एवं 40 सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए थे। चुनाव की दृष्टि से शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय सुबह से ही नगर निकाय क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे।
जमकर सराही गई जिलाधिकारी की नई पहल
नगर निकाय के चुनाव को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए जिलाधिकारी की नई पहल भी रही जिसमें समस्त मतदान केंद्रों को सीसीटीवी कैमरे से जोड़ा गया था और उनको कलेक्ट्रेट में मॉनिटरिंग किया जा रहा था। नेहरू युवा केंद्र द्वारा नगर निकाय निर्वाचन ऐप बनाया गया था जिसकी मदद से लगभग 25 हजार मतदाता अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र को मजबूती देने में सहभागी बने। नगर निकाय निर्वाचन एप से जनपद में ई गवर्नेंस का मॉडल स्थापित हुआ है और मतदाताओं को सुविधा मिली। यह एप जिलाधिकारी /जिला निर्वाचन अधिकारी राज कमल यादव के नेतृत्व में 20 वर्षीय युवा अमन कुमार द्वारा जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी के सहयोग से शून्य लागत में और एक दिन के रिकॉर्ड समय मे बनाया गया। वहीं नेहरू युवा केन्द्र बागपत की युथ टीम ने मतदाताओं को अभियान चलाकर मतदान के लिए प्रेरित भी किया। मतदान केंद्रों पर पिंक बूथ बनाए गए थे।
जिलाधिकारी की समस्त टीम ने निर्वाचन को बहुत ही गंभीरता से और अपने कर्तव्य और दायित्व के प्रति सतर्कता के साथ निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराया। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं, अधिकारियों, पुलिस प्रशासन व अन्य सहयोगियों को सकुशल मतदान संपन्न कराने के लिए भी सभी को बधाई दी।