Friday, May 3, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने ब्लॉक मिशन मैनेजर पर लगाये भ्रष्टाचार के आरोप

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने ब्लॉक मिशन मैनेजर पर लगाये भ्रष्टाचार के आरोप

मैथा, कानपुर देहात। तहसील मैथा सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक सैकड़ा से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पहुंच मैथा विकास खण्ड में कार्यरत दो ब्लाक मिशन मैनेजर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। एक साथ बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने पर अधिकारी सांसत में आ गये। एसडीएम जितेंद्र कटियार व एडीसनल एसपी राजेश पाण्डेय ने तहसील सभागार से बाहर आकर महिलाओं की समस्यायों को सुना और निस्तारण का भरोसा दिलाया। महिलाओं ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि बीएमएम पिंकी सिंह ने बैरी सवाई में बीसी सखी के पद पर रीता मिश्रा का एक लाख रुपए लेकर गलत अंकतालिका लगाकर चयन करवा दिया । 6 माह बाद पता चलने पर जब शिकायत की गई तो रीता मिश्रा ने त्याग पत्र दे दिया। इसी प्रकार बीएमएम पिंकी सिंह ने गुलाब समूह से 40 हजार रुपया फर्जी हस्ताक्षर करवा कर निकाल लिया। जिसकी जांच उन्हें व बीएमएम रवीन्द्र सिंह को ही दे दी गई। महिलाओं ने जोर देकर कहा कि दोनों बीएमएम बड़े पैमाने पर समूहों का पैसा निकलवा कर खा रहे हैं और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त है तथा समूहों का शोषण कर रहे हैं । इसी के साथ बीएमएम रवीन्द्र सिंह ने कड़री गांव के खुशबू महिला स्वयं सहायता समूह से 2 लाख 60 हजार रुपए बिना प्रस्ताव के निकलवा लिया। पिंकी सिंह व रवीन्द्र सिंह नेवादा देवराय के समूह में सफाई का कार्य कर रही महिला का पैसा नहीं दे रहे हैं। बैरी सवाई की मन्नत समूह की अध्यक्ष मंजू से 40 हजार रुपए ले लिया। गुलाब महिला समूह का ब्याज 85 हजार रुपया गबन कर लिया। मौजूद महिलाओं ने दोनों बीएमएम पर आरोपों की झड़ी लगा दी और दोनों लोगों को मैथा से हटाने की मांग की।
एसडीएम जितेंद्र कटियार ने उच्चाधिकारियों से बात कर हर हाल में समस्या का निस्तारण करवाने का आश्वासन दिया। वहीं बीएमएम पिंकी सिंह व रवीन्द्र सिंह ने लगाये गये आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कुछ महिलाएं दबाव बनाकर काम करवाना चाहती हैं। काम न होने पर आरोप लगा रही हैं।
इस मौके पर रूबी, ललिता, संगीता सिंह, मेनका, प्रीति, मीनू, रुबी तिवारी, संजू, संगीता पाल, रिजवाना, अल्का, मोहिनी, गुड्डन सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।