Monday, April 29, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » धीरे धीरे बढ़ रहा यमुना का जल स्तर, प्रशासन ने शुरू किये राहत शिविर

धीरे धीरे बढ़ रहा यमुना का जल स्तर, प्रशासन ने शुरू किये राहत शिविर

मथुरा: श्याम बिहारी भार्गव । यमुना खादर के वाशिंदों पर रविवार और सोमवार का दिन भारी है। जिला प्रशासन लोगों को लगातार सतर्क कर रहा है। मथुरा वृंदावन में लगे ट्रैफिक सिग्नल के साउंड सिस्टम से भी जिला प्रशासन यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर लगातार मुनादी करा रहा है। सलाह दी जा रही है कि अगले 48 घंटे महिला, बुजुर्ग और बच्चे यमुना तटों की ओर न जाएं। यमुना का जल स्तर धीरे धीरे खतरे के निशान की ओर पहुंच रहा है। यमुना खादर में बनीं कॉलोनियां को पानी धीरे धीरे अपनी जद में ले रहा है। वृंदावन की करीब एक दर्जन कॉलोनियों में यमुना पानी घुस गया है। लोग भी घर खाली कर जाना नहीं चाहते हैं। राहत शिविर बनाया गया है लेकिन बहुत कम लोग शिविर में शरण ले रहे हैं।
शनिवार को करीब दो दर्जन लोग शिविर में पहुंचे थे। वहीं राधारानी के गांव रावल तक यमुना का पानी पहुंच गया एक दिन का संपर्क मार्ग जल मग्न हो गया है। वृंदावन के निकट मानसरोवर तक भी यमुना का पानी जा पहुंचा है। सरोवर का परिक्रमा मार्ग, मंदिर का मुख्य मार्ग, सरोवर को आने वाला मार्ग सब बंद हो गये हैं। शनिवार को वृंदावन के कालीदह क्षेत्र में यमुना एक किलोमीटर का फासला तय कर कॉलोनियों तक पहुंच गई है। नौहझील क्षेत्र के छिनपारई में यमुना का पानी घुस गया है। यहां यमुना के पानी ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया है। लेकिन यहां भय देखने को नहीं मिल रहा है। गांव में पानी यमुना का पानी घुसा तो लोगों ने आचमन कर यमुना को प्रणाम किया।
चार में से तीन को बचाया, एक की मौत
मांट के गांव प्रेम नगर में यमुना में स्नान करने गए चार लोग यमुना की तेज धार में समाने लगे। इस नजारे को देख कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाई और यमुना में छलांग लगा दी। किसी तरह डूब रहे चारों लोगों को बाहर निकाला। इन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां 16 वर्षीय बाला पुत्र कालीचरण को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
विधायक श्रीकांत शर्मा ने किया बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण
विधायक श्रीकांत शर्मा ने वृंदावन के हजारीमल इंटर कॉलेज में बने बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद बताया कि जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ यमुना के जलस्तर से प्रभावित जगहों पर जाकर लोगों से कहीं सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील कर रहा है। बाढ़ राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित लोगों के रहने, खाने पीने की सभी सुविधाओं का भी ध्यान रखा जायेगा। वहीं उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में रह रहे लोगों का विशेष ध्यान रखा जाए एवं अन्य किसी भी परेशानी का सामना ना करना पड़े