Friday, March 29, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » करोड़ों रूपये के गबन की शिकायत मुख्यमंत्री से की

करोड़ों रूपये के गबन की शिकायत मुख्यमंत्री से की

हाथरस, जन सामना ब्यूरो। सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार (डब्बू) ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर मांग की है कि नगर पालिका परिषद में पालिका प्रशासन द्वारा घोर अनियमितायें कर लापरवाही से कई करोड़ रूपयों का गबन किया गया है। भ्रष्टाचार के कारण पालिका की हालत बद से बदतर हो गई है। पूरे शहर की सफाई व्यवस्था पंगु बनी हुई है। जिसके कारण शहरवासी नारकीय जीवन व्यतीत कर रहे हैं। शहर कूड़े व गन्दगी से अटा पड़ा है। वर्तमान मौसम बरसात का है जिसके कारण जनता को गंभीर बीमारियों से जूझना पड़ रहा है।
शिकायती पत्र में डब्बू ने कहा है कि शहर की आबादी को देखते हुये पालिका में कम से कम 700 सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है। जहां केवल 200 सफाई कर्मचारी ही काम कर रहे हैं। इनमें से बहुत से सफाई कर्मचारी जिले के आला अधिकरियों के यहां रसोईये का कार्य कर रहे हैं और उनका भुगतान पालिका कर रही है। उन्होंने कहा है कि पालिका प्रशासन सफाई कर्मचारियों के हितों का कतई ध्यान नहीं रखती तथा उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जाता है। इस समय पालिका में सफाई के औजार व हथियार भी उपलब्ध नहीं हैं। जिसके कारण कर्मचारियों को सफाई करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डब्बू ने कहा है कि आबादी को देखते हुये करीब 400 सफाई मजदूर ठेका प्रथा पर रखे जायें जिससे शहर की सफाई व्यवस्था काबू में लाई जा सके तथा मजदूरों का भुगतान पारदर्शी तरीके से होना चाहिये। विगत सालों में ठेकेदार से मिलकर पालिका प्रशासन ने मजदूरों का शोषण कर अन्याय किया है। उन्होंने कहा है कि ठेकेदार द्वारा सफाई कर्मचारी को मात्र तीन हजार रूपये महीने दिये गये हैं।
डब्बू ने अंत में कहा है कि अगर पालिका प्रशासन ने पूर्व की भांति रवैया अपनाया तथा मजदूर की मजदूरी से खिलवाड़ किया तो परिणाम गंभीर होंगे और संघ किसी भी प्रकार का आन्दोलन करने को मजबूर होगा।