Thursday, April 25, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जनपदों में विकास कार्यों में गति लानी होगी: मुख्य सचिव

जनपदों में विकास कार्यों में गति लानी होगी: मुख्य सचिव

2017.08.12. 02 3sp news lucknowनोडल अधिकारियों की बैठक कर निरीक्षण हेतु मुख्य सचिव ने दिये निर्देश
लखनऊ, जन सामना ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजीव कुमार ने शासन की प्राथमिकताओं एवं विकास कार्यक्रमों का प्रभावी अनुश्रवण एवं स्थलीय निरीक्षण हेतु नामित नोडल वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि नामित जनपदों को अंगीकृृत कर विकास कार्यों में गति लानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह दो दिन जनपद का भ्रमण शासकीय योजनाओं को धरातल पर लागू कराकर नियमानुसार पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित कराने में जनपदीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार जनपदों के विकास कार्यों में और अधिक तेजी लाकर अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित कराना है। उन्होंने कहा कि जनपदों हेतु नामित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भ्रमण के दौरान जनपद में आयोजित तहसील एवं थाना सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी भाग लेकर सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित कराना होगा।
मुख्य सचिव आज योजना भवन स्थित में शासन की प्राथमिकताओं एवं विकास कार्यक्रमों के प्रभावी अनुश्रवण एवं स्थलीय निरीक्षण हेतु नवीन व्यवस्था के अनुसार नामित नोडल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारियों द्वारा अपने आवंटित जनपद का प्रत्येक माह में एक बार भ्रमण कर चिन्हित कार्यक्रमों की समीक्षा, विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन एवं स्थलीय निरीक्षण करना होगा। उन्होंने कहा कि नामित नोडल अधिकारियों को निरीक्षण आख्या निर्धारित प्रारूप के पांचों खण्डों में प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने कहा कि नामित नोडल अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के समय जिलाधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराई गयी अभियन्ताओं की टीम के साथ निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन तथा निरीक्षण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिस विभाग के कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया जाना उस विभाग का अभियन्ता गठित टीम में शामिल नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के समय सम्बन्धित विभाग के उत्तरदायी अधिकारी अवश्य उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिये हैं कि नोडल अधिकारियों को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान समीक्षा, निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण के अतिरिक्त थाना, तहसील, जिला चिकित्सालय, सी0एच0सी0, पी0एच0सी0 तथा अन्य विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय, स्थानीय निकाय या विकास खण्ड में से किन्हीं दो कार्यालयों का निरीक्षण अवश्य करना होगा। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारियों को एक ग्राम का निरीक्षण अवश्य करना होगा जिसमें निरीक्षण के दौरान निर्धारित दिनांक को ग्रामसभा की खुली बैठक आयोजित कराई जायेगी जिसमें नोडल अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के भौतिक कार्यों एवं लाभार्थियों का सत्यापन सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित जिलाधिकारियों द्वारा ग्राम में संचालित समस्त कार्यक्रमों की प्रगति पुस्तिका तैयार कराकर नोडल अधिकारी को प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य होगा।
बैठक में अध्यक्ष, राजस्व परिषद, प्रवीर कुमार, कृषि उत्पादन आयुक्त आर0पी0 सिंह, अपर मुख्य सचिव, कार्यक्रम क्रियान्वयन संजीव सरन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।