Thursday, May 9, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मथुरा जनपद में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया 77वां स्वतंत्रता दिवस

मथुरा जनपद में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया 77वां स्वतंत्रता दिवस

⇒जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में गांधी जी, चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। कान्हा की नगरी में 77वां स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास से मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण हुआ। जगह-जगह तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधानों ने घर घर बच्चों को तिरंगा दिये। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने कलेक्ट्रेट पर ध्वजारोहण किया। जनपद के आठ ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में स्वतंत्रता दिवस के समारोह पर आमंत्रित किया गया था, जहां उनको प्रमाण पत्र और पहचान पत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी के द्वारा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के कल्याण के लिए अधिनियम के अंतर्गत दिए गए प्रावधानों की बेहतर क्रियान्वयन हेतु विशेष निर्देश दिए गए है। ब्रज की कलाओं से जिलाधिकारी के कार्यालय को अलंकृत करने वाले हस्तशिल्पियों को सम्मानित किया गया। जिसमे राजेंद्र कुमार पाठक, समर्थ चतुर्वेदी, रामवीर, शिप्रा राठी, मोहन वर्मा व अमित कुमार पाठक को सम्मानित किया गया। जनपद के तीन सबसे उत्कृष्ट अमृत सरोवरों व खेल के मैदानों तथा डिजिटल पंचायत सचिवालय में सर्वाधिक राजस्व अर्जित करने वाली तीन उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया गया। तीन सर्वश्रेष्ठ अमृत सरवरों में ग्राम कुंजेरा, महुवन व हथकौली के ग्राम प्रधानों एवं ग्राम सचिवों को सम्मानित किया गया। तीन सर्वश्रेष्ठ खेल के मैदान हेतु ग्राम राल, कॉमर व खानेका के ग्राम प्रधानों एवं ग्राम सचिवों को सम्मानित किया गया। तीन सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत जिसने ग्रामीणों को ग्राम सचिवालय में सभी प्रकार की डिजिटल सेवाओं को देते हुए सर्वाधिक आय अर्जित की वे ग्राम जावरा, हथिया व गेयरा है। इन तीनों ग्राम पंचायत के प्रधानों, सचिवों व पंचायत सहायक को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा कि आज हम जिस पद पर आसीन हैं। उस पद की गरिमा को बनाए रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करें, तो सही मायने में शहीदों के लिए यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को हर घर तिरंगा के तहत अपने अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।’