Wednesday, May 22, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सावन में पांच घटा में दर्शन देंगे दानघाटी गिरिराज

सावन में पांच घटा में दर्शन देंगे दानघाटी गिरिराज

⇒एकादशी से पूर्णिमा तक पांच दिन दानघाटी मंदिर पर होगा आयोजन
मथुरा। सावन में दानघाटी मंदिर घटा दर्शन का साक्षी बनता है। घटा दर्शन में श्रृंगार पोशाक परदे और प्रसाद में एक ही रंग का प्रयोग होता है। सावन के महीने में पांच दिन विभिन्न घटाओं का विशेष श्रृंगार होता है। एकादशी से रक्षाबंधन तक दानघाटी गिरिराज जी मंदिर पर यह खूबसूरती भक्तों को बरबस ही आकर्षित करती है। कलियों को प्रभु के श्रृंगार में शामिल किया जाएगा। एकादशी रविवार से दानघाटी मंदिर में घटा दर्शन का आयोजन किया जाएगा। सेवायत पवन कौशिक ने बताया कि भक्तों को परंपरागत दर्शनों का लाभ मिल सकेगा। पांच रंग की पांच पोशाक तैयार कराई गई हैं। सेवायत मथुरा दास कौशिक लाला पंडित ने बताया कि गोवर्धन महाराज के श्रृंगार के लिए घटाएं सजाई जाएंगी। गिरिराज जी के साथ मंदिर परिसर भी एक ही रंग में रंगा होगा। रंग विशेष के पर्दे, पोशाक, जेवरात के साथ ठोड़ी पर सजा लाल रंग का हीरा प्रभु की झांकी को एकटक निहारने पर मजबूर करेगा। गिरिराज जी के अद्वितीय श्रृंगार के लिए जेवरात का प्रयोग कर झांकी को अद्भुत बनाने का प्रयास किया जाता है। घटाओं के श्रृंगार में एकादशी को हरे रंग की तो पूर्णिमा को सफेद रंग की घटाएं सजाई जाएंगी। विभिन्न प्रजातियों के पुष्पों से प्रभु का श्रृंगार और उनके स्थल को खूबसूरती दी जाएगी। हालांकि सावन महीना होने के कारण हरियाली का प्रयोग रोजाना किया जाएगा।
यूं होते हैं घटा के दर्शन
सेवायत परीक्षित कौशिक ने बताया कि विशेष श्रृंगार में पांच चुनिंदा हरा, केसरिया, लाल, सफेद और काला रंग का प्रयोग किया जाता है। घटा दर्शन में जब पीले रंग के विशेष दर्शन होते हैं तो इसमें गिरिराज जी पीले हरे रंग की पोशाक धारण करते हैं तो स्वर्ण मुकुट के साथ पीली कलियां और पुष्प पीली घटा एहसास कराते हैं।