Sunday, May 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ग्राम पंचायतों के उपचुनाव का चुनाव परिणाम घोषित

ग्राम पंचायतों के उपचुनाव का चुनाव परिणाम घोषित

हाथरस। जनपद में 2 दिन पूर्व हुए एक क्षेत्र पंचायत और दो ग्राम प्रधानों के लिए उपचुनाव का परिणाम आज घोषित कर दिया गया है। उक्त रिक्त पदों पर गत 6 सितंबर को मतदान हुआ था। कड़ी सुरक्षा के बीच आज मतगणना हुई और उसके बाद परिणाम घोषित किया गया। चुनाव नतीजे आने के बाद विजयी प्रत्याशी और उनके समर्थकों के खेमे में खुशी दौड़ गई, जबकि पराजित प्रत्याशी निराश होकर अपने घर वापस लौट गए। जनपद के ब्लाक हसायन क्षेत्र के गांव सिंचावली सानी में पिछले दिनों ग्राम प्रधान की मौत हो गई थी। उसके बाद यह पद रिक्त हो गया था। इस पर 6 सितंबर को मतदान हुआ। इस पद पर 4 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। आज नतीजा घोषित किया गया और राजकुमार विजयी रहे। उन्हें 315 वोट मिले जबकि दूसरे नंबर पर प्रमोद कुमार रहे, उन्हें 134 वोट मिले। 20 वोट निरस्त कर दिए गए। राजकुमार को एसडीएम सिकंदराराऊ वेद सिंह चौहान ने प्रमाण पत्र दिया। जीत के बाद नवनिर्वाचित प्रधान के समर्थकों में भारी हर्ष की लहर दौड़ गई है। इधर हाथरस विकास खंड के गांव पैकवाड़ा में पिछले दिनों ग्राम प्रधान सीमा अग्निहोत्री पत्नी राजीव अग्निहोत्री की अचानक मौत हो जाने से ग्राम प्रधान का पद रिक्त हो गया था और यहां पर भी उपचुनाव हुआ। इसमें नीतू शर्मा पत्नी प्रमोद कुमार उर्फ भोजा गुरु ने जीत हासिल की। उन्होंने ने वर्तमान ग्राम प्रधान स्वर्गीय सीमा अग्निहोत्री की देवरानी अनुपम अग्निहोत्री को पराजित किया है। आमने-सामने के इस मुकाबले में नीतू शर्मा को 323 और अनुपम अग्निहोत्री को 228 वोट मिले। 19 वोट निरस्त किए गए। इसी ब्लॉक के एक क्षेत्र पंचायत सदस्य पद हेतु भी चुनाव हुआ। इसमें रविंद्र कुमार को 476 और अरविंद कुमार को 295 वोट मिले। 22 वोट निरस्त किए गए। विजयी प्रत्याशियों को सर्टिफिकेट दिया गया। गांव में जाकर सभी विजयी प्रत्याशियों ने जुलूस निकालकर जश्न मनाया। उक्त चुनाव परिणाम आने के बाद से विजयी प्रत्याशियों के खेमों में जहां भारी हंसी-खुशी का माहौल है। वहीं पराजित प्रत्याशियों व उनके समर्थकों में मायूसी छाई हुई है।