फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र निवासी एक 17 वर्षीय छात्रा ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह घर से कोचिंग जाने की कहकर निकली थी। उसके बाद उसका पता नहीं चल सका। बाद में उसका शव बरामद हुआ है।
थाना मक्खनपुर क्षेत्र के इंदुमई निवासी 17 वर्षीय नेहा उर्फ नंदनी पुत्री भीमसेन सोमवार को अपने घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकली थी। उसके बाद वह कोचिंग नहीं पहुंची। वह थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के छीछामई नहर किनारे पहुंच गई। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, छात्रा ने नहर में छलांग लगा दी। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। तभी पहुंचे गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। करीब आधा घंटे बाद छात्रा को बाहर निकाला जा सका। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी मौके पर आ गए। जिंदा होने की आस में छात्रा को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर अनुज राणा का कहना है कि छात्रा द्वारा आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।