रायबरेली। मुंशीगंज एम्स परिसर के पास शुक्रवार को एम्स व्यापार मंडल के अध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी की अध्यक्षता में व्यापारियों की एक बैठक आयोजित हुई। जिसमें व्यापारियों और आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक में ओवरब्रिज निर्माण सुस्त गति से चलने की समस्या का मुद्दा गरमाया। वहीं व्यापार मंडल के अध्यक्ष धर्मेन्द्र त्रिवेदी ने बताया कि मुंशीगंज शहीद स्मारक से एम्स को जोड़ने वाली मार्ग की स्थिति बहुत ही दयनीय हैं और नव निर्मित सड़क भी 15 दिन में ही उखड़ गई और गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं।
बताते चलें कि इस मार्ग की मरम्मत को अभी महीना भर भी पूरा नहीं हुआ है। उसके पहले ही पटरी की गिट्टी उखड़ गयी हैं। जिससे वहाँ से निकलने वाले राहगीरों को काफ़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता हैं। बदहाल मार्ग के चलते बाइक सवार फिसल कर गिर जाते हैं। वहीं आये दिन ई-रिक्शा पलट जाता हैं, जिससे लोग चोटिल हो रहे हैं। वाहनों के आने-जाने से धूल का गुबार उड़ता है। नियमित रूप से पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है। एम्स जैसे बड़े चिकित्सा संस्थान को जोड़ने वाले मार्ग के बदहाली के चलते आये दिन जाम लगा रहता हैं, आपातकालीन सेवाएं भी बाधित होती हैं।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या के तरफ प्रशासन बिलकुल भी ध्यान नहीं दे रही हैं। जिला प्रशासन के लापरवाही के चलते किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता हैं। इस मौके पर एम्स इकाई व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, रंजीत यादव, धर्मेंद्र शर्मा, हरिश्चंद्र पासवान, चंडिका शर्मा, राम सिंह यादव, अनुज पांडे, विक्की अग्रहरि, रामसनेही पासी, रवि मौर्य आदि लोग मौजूद रहे।