Thursday, July 4, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » लूट कांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का किया सम्मान

लूट कांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का किया सम्मान

लालगंज, रायबरेली । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल लालगंज संगठन के पदाधिकारियों ने सर्राफा लूट कांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह ने कहा कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों द्वारा पुलिस के अच्छे गुड वर्क पर सम्मानित करना हम सबके लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जनता एवं व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दे रखे हैं। जिस पर रायबरेली पुलिस हर-संभव खरा उतरने का प्रयास करती है। परंतु इसके बावजूद जनपद की सबसे बड़ी मंडी लालगंज के बीचोंबीच एक बड़ी लूटकांड की घटना को बदमाशों ने अंजाम देकर पुलिस के लिए एक नई चुनौती खड़ी कर दी थी, जिसका खुलासा कर जनता व व्यापारियों का विश्वास जीतना हम सबके लिए एक बड़ा इम्तिहान था। हमने लालगंज सर्किल के चारों थानों की पुलिस टीम के साथ सर्विलांस टीम व एस ओ जी टीम को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। जिस पर सभी ने रायबरेली पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी की अगुवाई में दिन रात मेहनत कर घटना को अंजाम देने वालों तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले के पुलिस मुखिया ने स्वयं लालगंज कोतवाली में कैंप कर अपने अधीनस्थों को दिशा निर्देश देते रहे। उन्होंने कहा कि इस घटना में सोना व्यापारी को लूटने की साज़िश रचने वाला प्रमुख साजिशकर्ता कोई और नहीं उसका अपना ही रिश्ते में भाई निकला जो समाज के लिए चिंता का विषय है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने नई पीढ़ी को संस्कारित करने का भी आह्वान किया। साथ ही व्यापारियों से सीसीटीवी कैमरे हर हाल में अपने प्रतिष्ठानों पर लगाने के लिए प्रेरित किया। कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि लालगंज पुलिस आपकी सुरक्षा व सेवा के लिए 24 घण्टे तत्पर है। इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने भी लालगंज पुलिस की प्रशंसा की।
इस मौके पर लालगंज व्यापार मंडल के मुखिया विवेक शर्मा, रोहित सोनी, मृत्युंजय बाजपेई, अप्पू शर्मा, शिवम गुप्ता मौजूद रहे।
सम्मानित की गई पुलिस टीम के सदस्य
पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल सिंह, प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह, अपराध निरीक्षक पंकज त्यागी, कस्बा इंचार्ज राजेश यादव, सब इंस्पेक्टर मालिकराम शाहनी, सब इंस्पेक्टर निखिलेश, सब इंस्पेक्टर मनोज यादव, कांस्टेबल अनूप चहार, राहुल सोलंकी, आकाश, नितिन परमार, परमाल सिंह, भूप लाल, चालक वीरेंद्र यादव।