Wednesday, July 3, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कल से बांटना है सरकारी राशन, असमंजस में डीलर

कल से बांटना है सरकारी राशन, असमंजस में डीलर

मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। नए साल में सरकारी राशन का पहला वितरण पांच जनवरी से शुरू होना है। दूसरी ओर सरकारी राशन की दुकानों के डीलर असमंजस की स्थिति में हैं। डीलरों ने हड़ताल का ऐलान किया हुआ है लेकिन डीलरों की एकजुटता कितनी है यह आगामी दिनों में ही पता चलेगी। एकजुटता पर ही डीलरों की हड़ताल का दारोमदार टिका हुआ है। राशन डीलर मेहनताना बढ़ाये जाने की मांग कर रहे है। वहीं डीलरों का तर्क है कि अन्य राज्यों में ऐसा किया जा चुका है, उत्तर प्रदेश में डीलरों का मेहनताना सबसे कम है। इसे लेकर डीलर अपने अपने स्तर से ज्ञापन देकर अपनी बात प्रशासन के सामने रखते रहे हैं। आपूर्ति विभाग के एआरओ सुशील तिवारी ने बताया कि मथुरा जनपद में 819 सरकारी राशन की दुकानें हैं। जिनसे करीब 18 लाख यूनिट राशन का वितरण किया जाता है। इस बार सरकारी राशन में लोगों को बाजरा भी मिलेगा। सर्दी के मौसम में मोटे अनाज की लाभों को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है। अभी तक गेहूं और चावल 3, 2 के अनुपात में प्रति यूनिट मिलता था। इस बार दो, दो और एक के अनुपात में तीनों अनाज मिलेंगे। दूसरी ओर राशन डीलरों की बैठकों का दौर जारी है। बुधवार को भी इसी संबंध में एक बैठक भूतेश्वर क्षेत्र में हुई।
सरकार ने दिया है आमदनी बढाने का विकल्प
सरकार की ओर से राशन डीलरों को आमदनी बढाने का विकल्प दिया गया है। जिसके तहत राशन डीलर सरकारी राशन की दुकान पर 35 वस्तुओं को बेच सकते हैं। यह वस्तुएं पहले से सूची में शामिल वस्तुओं से अलग है।
सूची में ये वस्तुएं हैं शामिल
दूध, दूध से बने बने पैक्ड उत्पाद, बिस्किट, ब्रेड, गुड, घी, नमकीन, सूखे मेवा, मिठाई, मसाले, दूध पाउडर, बच्चों के कपड़े, राजमा, सोयाबीन, क्रीम, धूपबत्ती, कंघी, दर्पण, झाड़ू, पोंछा, ताला, छाता, रेनकोट, वॉल हैंगर, टूथब्रश, डिटर्जेंट पाउडर, मच्छर रोधी अगरबत्ती, बर्तन धोने का साबुन, पाउडर, टार्च, दीवार घड़ी, माचिस, रस्सी, पाइप, बाल्टी, मग, छलनी, हैण्डवॉश, बाथरूम क्लीनर, शेविंग किट, बेबी केयर उत्पाद आदि की बिक्री की जा सकेगी। खाद्य आयुक्त एवं रसद विभाग के स्तर पर एक समिति का गठन किया जाएगा। जिसमें एक सदस्य खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन का होगा। यह समिति अनुमन्य वस्तुओं की समय समय पर समीक्षा करते हुए इनकी संख्या में वृद्धि अथवा कमी कर सकते हैं।