Wednesday, July 3, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » फिरोजाबाद क्लब में साहित्यिकारों, समाजसेवियों व समाज की विविध प्रतिभाएं हुई सम्मानित

फिरोजाबाद क्लब में साहित्यिकारों, समाजसेवियों व समाज की विविध प्रतिभाएं हुई सम्मानित

फिरोजाबादः जन सामना संवाददाता। श्रुत सेवा निधि न्यास का अठारहवां अक्षराभिषेकोत्सव कार्यक्रम फिरोजाबाद क्लब में सम्पन्न हुआ। जिसमें अक्षर साधक साहित्यिकारों, समाजसेवियों व समाज की विविध प्रतिभाओं को संस्था द्वारा मंच से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा मॉ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। स्कूली छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का आगाज किया। न्यास के महामंत्री अमित कुमार जैन ने न्यास की स्थापना के उद्देश्य तथा वर्तमान प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रतिभा सम्मान के अंतर्गत दिव्यांशी जैन, अदिती जैन तथा शिवम अग्रवाल को सी.ए. की परीक्षा 2023 में उत्तीर्ण करने हेतु सम्मानित किया गया। साहित्य साधना सम्मान के अंतर्गत महात्मा गांधी बालिका विद्यालय पीजी कॉलेज की पूर्व संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. तुलसी देवी की पुस्तक संस्कृति के आध्यात्मिक सूत्र तथा नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष स्व. चंद्रवीर जैन की पुस्तक का लोकार्पण किया गया। पुस्तक लेखकों व सहयोगियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में अशोक कुमार जैन लाले भैया को उनकी सामाजिक सेवा तथा साधना हेतु ग्यारह हजार रुपए का संयम साधना सम्मान प्रदान किया गया। इस राशि को उन्होने अपनी ओर से ग्यारह सौ रुपए जोड़कर पुनः न्यास को वापस कर दिया। न्यामती देवी जैन आरोग्य भारती सम्मान प्राप्त करने हेतु अजमेर, राजस्थान से पधारे डॉ. आर. के. गोखरू ने हृदय रोग के लक्षण, सावधानियां तथा उपचार आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा की। तत्पश्चात न्यास द्वारा गोखरू को न्यास द्वारा विधिवत से सम्मानित किया गया। तत्पश्चात महात्मा गांधी बालिका विद्यालय पी.जी. कॉलेज की हिंदी विभागाध्यक्ष तथा फिरोजाबाद जनपद की ब्रांड एंबेसडर स्वीप डॉ. संध्या द्विवेदी ने सभागार में उपस्थित जनसमूह को मतदान हेतु शपथ दिलाई तथा न्यास ने उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें सम्मानित किया। शांति देवी गुप्ता श्रुत सेवा साहित्य सम्मान ग्रहण करने हेतु चेन्नई, तमिलनाडु से पधारे डॉ. दिलीप धींग ने तमिलनाडु की प्राचीन विरासत तथा तमिल साहित्य में जैन समाज के साहित्यिकारों के योगदान को सभागार के समक्ष प्रस्तुत किया। तत्पश्चात न्यास द्वारा उन्हें साहित्य वारिधि की मानद उपाधि से विभूषित किया गया। तत्पश्चात पुणे से पधारे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रमेश चंद्र गुप्ता को दान रत्न निधि की मानद उपाधि प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यास के अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पुष्पराज जैन, विनोद कुमार जैन तथा महावीर प्रसाद जैन आदि ने मंच को सुशोभित किया। उद्योगपति प्रदीप गुप्ता ने इस अवसर न्यास के संबंध में अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन एड. अनूप चंद्र जैन ने किया। इस दौरान मीडिया प्रभारी अजय जैन बजााज के अलावा शहर के गणमान्य एवं न्यास के सभी सदस्य उपस्थित रहे।