Saturday, September 28, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की आग से जलकर मौत

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की आग से जलकर मौत

फिरोजाबाद: जन सामना संवाददाता। थाना सिरसागंज क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। विवाहिता की मौत के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। मायका पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित आठ लोंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पूरी घटना थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव नगला मान सिंह की है। शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि घर के अंदर विवाहिता का जला हुआ शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। जहां कमरे के कोने में महिला का जला हुआ शव पड़ा हुआ था। ससुरालीजन मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने आस पास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीओ अरुण कुमार चौरसिया और इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह ने घटना की जानकारी ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में महिला संगीता पत्नी योगेंद्र यादव का जला हुआ शव मिला है। ससुरालीजन मौके से फरार हो गए हैं। मायका पक्ष ने हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है। मृतका की एक साल पहले शादी हुई थी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मृतका के भाई सुल्तान सिंह की तहरीर पर पति सहित आठ लोंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।