Tuesday, June 25, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » यातायात व्यवस्था पर शैलजा कान्त मिश्र की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

यातायात व्यवस्था पर शैलजा कान्त मिश्र की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र की अध्यक्षता में यातायात व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इसकी जानकारी देते हुए मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि दिल्ली आगरा नेशनल हाईवे-19 और यमुना एक्सप्रेस वे को जोड़ते हुए वृंदावन बाईपास का निर्माण किया जाएगा। रोड मैप उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने नेशनल हाईवे प्राधिकरण के साथ तैयार कर लिया है। जैंत से शुरू होकर रामताल होते हुए वृंदावन बाईपास यमुनापार होकर यमुना एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 101 पर जुड़ेगा। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय की मौजूदगी में नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता मोहित कुमार ने प्रजेंटेशन दिया। 15 किलोमीटर लंबा यह मार्ग सिक्स (6) लेन का होगा। इसके निर्माण की जिम्मेदारी नेशनल हाईवे प्राधिकरण संभालेगा। इसके निर्माण पर करीब एक हजार करोड़ रुपए की लागत आ रही है। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि इसके निर्माण के बाद वृंदावन दर्शन को आने वालों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली, आगरा, नोएडा, बरेली आदि से मथुरा शहर में प्रवेश किए बगैर वृंदावन या फिर अपने गंतव्य को वृंदावन बाईपास के माध्यम से रवाना हो सकेंगे।