Monday, June 24, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जेम कार्यक्रम में पद्मश्री सुधा सिंह ने नन्हीं बच्चियों को जीवन में शिक्षा व कौशल का बताया महत्व

जेम कार्यक्रम में पद्मश्री सुधा सिंह ने नन्हीं बच्चियों को जीवन में शिक्षा व कौशल का बताया महत्व

ऊंचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा संचालित किए जा रहे बालिका सशक्तिकरण अभियान कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पद्मश्री सुधा सिंह ने दौरा किया। एनटीपीसी ऊंचाहार के परियोजना प्रमुख मनदीप सिंह छाबड़ा, प्रियदर्शिनी लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा तरुणा छाबड़ा की उपस्थिति में कार्यक्रम में भाग ले रही नन्हीं बालिकाओं ने सुधा सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया। श्रीमती सिंह ने कार्यक्रम में भाग ले रही 120 बच्चियों से संवाद किया और एनटीपीसी द्वारा आयोजित कार्यक्रम के उनके अनुभवों को जाना। नन्हीं बालिकाओं से परस्पर संवाद कर उन्होंने बच्चियों को बताया कि लक्ष्यों को हासिल करने के लिए जो बुनियादी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है, उसे समझिए और उसके अनुरूप अपनी तैयारी कीजिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी संघर्षों से डरना-घबराना नहीं चाहिए बल्कि चुनौतियों का सामना करते हुए मजबूत सफलता से सफलता की सीढ़ियां चढ़ना चाहिए। अपने लक्ष्य की ओर लगातार बढ़ते रहना ही सफलता का रहस्य है। जो व्यक्ति दृढ़ इच्छा से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता चला जाता है, उसे कोई परिस्थिति हरा नहीं सकती है।
नन्हीं बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षा व कौशल का बहुत अधिक महत्व है। आप सभी को ग्रामीण परिवेश में रहते हुए एनटीपीसी के जेम कार्यक्रम के माध्यम से आपके अंदर छिपी प्रतिभा व कौशल को उभारने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। आप सभी इस अवसर का भरपूर लाभ लेते हुए स्वयं के विकास के साथ-साथ भारत देश की सेवा करें एवं अपने मेंटर के तौर पर एनटीपीसी का नाम भी रोशन करें। एनटीपीसी द्वारा चलाया जा रहा बालिका सशक्तिकरण कार्यक्रम वाकई सराहनीय है। सुधा सिंह ने एनटीपीसी की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
परियोजना प्रमुख श्री छाबड़ा ने कार्यक्रम में भाग ले रही बालिकाओं को श्रीमती सिंह से प्रेरित होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुधा सिंह सभी भारतीय महिलाओं के लिए न केवल रोल मॉडल हैं बल्कि उनके लिए प्रेरणा स्रोत हैं। ग्रामीण क्षेत्र की बेटी ने विश्व स्तर पर भारत का नाम रौशन किया है, आप सभी इनसे प्रेरित हो अपने सपनों को पूरा करने का जज्बा हासिल कीजिए।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुधा से मुलाकात कर नन्हीं बच्चियों में आत्मविश्वास की भावना प्रबल हुई और उनसे संवाद कर सभी बच्चियों के चेहरे मुस्करा उठे। इस अवसर पर एनटीपीसी ऊंचाहार की मानव संसाधन प्रमुख रूमा दे शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा 14 मई से बालिका सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आसपास के गांवों की 10 से 12 साल की 120 बच्चियां भाग ले रही हैं। कार्यक्रम के माध्यम से नन्हीं ग्रामीण बालिकाओं को शिक्षा, आर्ट एंड क्राफ्ट, गीत-संगीत, नृत्य, चित्रकला, पेंटिंग, आत्मरक्षा के गुर आदि सिखाते हुए उनका समग्र विकास करने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का समापन 10 जून को किया जाएगा।