Sunday, September 29, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » दशरथ नंदन की एक झलक पाने सड़कों पर उमडा जनसैलाब

दशरथ नंदन की एक झलक पाने सड़कों पर उमडा जनसैलाब

फिरोजाबाद। सुहागनगरी में मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम की भव्य बारात मनमोहक झांकियों के साथ निकाली गई। भगवान राम की झलक पाने को जनसैलाब उमड़ पडा। जगह-जगह आरती उतारकर श्रीराम के जयकारे लगाते हुए पुष्प वर्षा की गई। शोभायात्रा मार्ग को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया। जो कि अलग ही छटा बिखेर रहा था।
तदर्थ श्री सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति के तत्वाधान में मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम की भव्य शोभायात्रा रविवार की देर शाम आठ बजे सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से शुरू हुई। शोभायात्रा का शुभारम्भ नगर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर ने भगवान राम की आरती उतारकर किया। शोभायात्रा राधाकृष्ण मंदिर से प्रारम्भ होकर घंटाघर, सदर बाजार, शास्त्री मार्केट, गंज चौराहा, डाकखाना चौराहा, कोटला रोड होती हुई रामलीला मैदान में पहुंची। शोभायात्रा में एटा, मैनपुरी, आगरा की मनमोहक झांकियां शामिल रही। इटावा के घोडे कूद-कूद कर अपना कर्तव दिखा रहे थे। तीन दर्जन झांकियों में स्वरूपों की झांकियां सबसे अधिक थी। भगवान राम, लक्ष्मण गुरू विश्वामित्र के साथ, भरत, शत्रुधन व माता जानकी के स्वरूप अलग-अलग डोलों में सवार थे। शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान गणेश, बांके बिहारी, सौ शैया पर भीष्म पितामह, शंकर पार्वती, हनुमान, सीताहरण, मां दुर्गा, खाटू श्याम, राधाकृष्ण, बाबा जहारवीर, रामदरबार, मॉ सरस्वती, बाहुबली हनुमान का रोड शो, राजस्थानी लगुरिया रोड शो, नौ देवी की झांकी, सीता हरण, तिरंगा यात्रा, नरसिंह अवतार, जैसी करनी वैसी भरनी के अलावा विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। डोलों के आगे चल रहे बैंड बाजे मधुर धुन बजाकर आकश को गुंजायमान कर रहे थे। भक्तो ने जगह-जगह भगवान राम व माता जानकी की आरती उतारकर पुष्प वर्षा की। शोभायात्रा में रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ शहर के गणमान नागरिक चल रहे थे।