Friday, February 21, 2025
Breaking News
Home » महिला जगत » 27 साल के लंबे इंतजार के बाद दिल्ली में एक बार फिर भाजपा सरकार

27 साल के लंबे इंतजार के बाद दिल्ली में एक बार फिर भाजपा सरकार

» रेखा गुप्ता ने दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
नई दिल्ली। 27 साल के लंबे इंतजार के बाद आज दिल्ली में एकबार फिर भाजपा सरकार बन गई है। पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता ने दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ ली। उन्हें कल भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। शपथ गृहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा सभी प्रमुख केंद्रीय मंत्री और पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी शामिल हुए।
भाजपा के रविन्द्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह, प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह में सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहे।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं। रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने ‘आप’ की वंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था।
सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली में मुख्यमंत्री पद संभालने वाली चौथी महिला हैं। उनका नाम पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री पद के पांच शीर्ष दावेदारों में लिया जा रहा था और आखिरकार पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दिल्ली की कमान सौंपने का फैसला किया।
-Pic and story by Kamal Nain Narang