फिरोजाबाद। खेत में आलू बीनने के लिए गए एक वृद्ध को ट्रैक्टर चालक ने रौंद दिया। हादसे में मोपेड सवार वृद्ध किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो बेटों के पिता थे।
थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के नगला बीना निवासी 70 वर्षीय हरविलास मेहनत मजदूरी करते थे। उनके दो बेटे हैं। बेटे भी बाहर मजदूरी करते हैं। वह आलू बीनने के लिए आगरा के फतेहाबाद मोपेड से गए थे। परिजनों ने बताया कि जब वह आलू बीनकर वापस घर लौट रहे थे। तभी गढ़ी तिवारी के पास ट्रैक्टर चालक ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस इससे पहले कि उन्हें अस्पताल लेकर जाती। उनकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक किसान के बेटे ने पुलिस को बताया कि पुलिस की सूचना से उन्हें घटना की जानकारी हुई। वह आलू बीनने के लिए घर से निकले थे।