रायबरेली। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित कृत्रिम अंग सहायक उपकरण योजना के तहत रायबरेली के विकास खंड ऊँचाहार परिसर में एक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ऊँचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने चिन्हित पात्र दिव्यांगजनों को कुल 112 सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और स्मार्टकेन शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन नोडल परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, सतीश चंद्र मिश्रा ने किया। इस दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, उपायुक्त (स्वतः रोजगार), खंड विकास अधिकारी ऊँचाहार कामरान नेमानी, खंड विकास अधिकारी दीनशाहगौरा, रोहनियां सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सरकार की दिव्यांग कल्याण योजनाओं पर प्रकाश डाला और लाभार्थियों को इनके बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में कार्यालय कार्मिक जावेद खान, अमित मालवीय, अरविंद प्रताप सिंह और नारायण दीक्षित भी मौजूद रहे। उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों रामविलाश, जुम्मन, अंकित त्रिपाठी और शैलेंद्र कुमार ने संतुष्टि जताते हुए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और अधिकारी मोहन त्रिपाठी को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर 24 नए दिव्यांगजनों को विभिन्न उपकरणों के लिए चिन्हित भी किया गया।