कानपुर: अवनीश सिंह। शहर का वार्ड 51 पिछले कई दिनों से चर्चा में है, यहां पर बीजेपी के दो गुटों में चल रही खींचातानी को लेकर वर्तमान भाजपा पार्षद और पूर्व भाजपा पार्षद प्रत्याशी आमने सामने ताल ठोंकते नजर आ रहे हैं।
पूरा वाकया वार्ड 51 के बर्रा 2 नई बस्ती का है जहां विकास कार्य को लेकर पिछले कई दिनों से भाजपा पार्षद सुधीर यादव और पूर्व भाजपा पार्षद प्रत्याशी अजय शर्मा के बीच राजनैतिक जंग जारी है, पूर्व भाजपा पार्षद प्रत्याशी अजय शर्मा ने जानकारी दी कि वार्ड 51 के बर्रा 2 नई बस्ती में वर्तमान भाजपा पार्षद सुधीर यादव बनी हुई सड़क को तोड़कर विकास कार्य करा रहे थे जिसका विरोध उनके और स्थानीय नागरिकों द्वारा किया गया और नगर निगम के अधिकारियों से भी इसकी शिकायत की गई, जिस पर नगर निगम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए काम बंद कराया गया, और काम कर रही संस्था शिवा कंस्ट्रक्शन पर जुर्माना भी लगाया गया।
वहीं वार्ड 51 के पार्षद सुधीर यादव से जब इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने जानकारी दी कि स्थानीय लोग जलभराव की समस्या को लेकर उनके पास शिकायत को लेकर आए थे जिसको लेकर उनके द्वारा सड़क किनारे इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा था जिसकी जानकारी नगर आयुक्त को दी गई थी, क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य का विरोध लगातार अजय शर्मा गुट द्वारा किया जा रहा है।लगातार काम रुकवाने की कोशिश की जा रही है,वर्तमान में नगर निगम के हस्तक्षेप के चलते काम बंद है।पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया में वर्तमान पार्षद सुधीर यादव द्वारा अजय शर्मा पर ठेकेदार से कमीशन को लेकर काम बंद कराने के आरोप लगाए जा रहे थे इस सवाल पर अजय शर्मा ने आरोपों का खंडन किया और कहा कि यह आरोप बेबुनियाद है कोई साक्ष्य नहीं है भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए इस तरह के अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं।
वहीं इन आरोपों को लेकर वार्ड 51 बर्रा 2 नई बस्ती में काम कर रही फर्म शिवा कंस्ट्रक्शन के ब्रजेश यादव से सवाल पूंछा गया तो उन्होंने किसी प्रकार के कमीशन मांगे जाने की बात को सिरे से नकार दिया।
नगर निगम अधिकारियों ने जानकारी दी कि नई बस्ती में काम कर रही शिवा कंस्ट्रक्शन फर्म का काम बंद करा दिया गया है और 25 हजार का जुर्माना लगाया गया है।
पूर्व में भी विवादों में रही है शिवा कंस्ट्रक्शन, गत वर्ष वार्ड 9 के बर्रा 8 में इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगाए जाने पर नगर निगम द्वारा शिवा कंस्ट्रक्शन पर कार्यवाही की गई थी।
Home » मुख्य समाचार » विकास कार्य में भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पार्षद और पूर्व पार्षद प्रत्याशी आमने – सामने