फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार के 8 वर्ष व केंद्र सरकार के 10 वर्ष की सेवा सुरक्षा व सुसाशान की नीति की उपलब्धियां को बताने के लिये मंगलवार को गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा नेताओं और अधिकारियों ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्ष व केंद्र सरकार के 10 वर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हेतु जनता को शासन की नीतियों से एक ही मंच पर अवगत कराने हेतु संपूर्ण प्रदेश के साथ-साथ जनपद में भी तीन दिवसीय मेले का आयोजन उद्यान विभाग की नर्सरी के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम में सभी विभागों ने शासन की योजनाओं के प्रदर्शन से सुसज्जित स्टॉल लगाए। जहां जनता को शासन की योजनाओं के संबंध में ज्ञान कराने हेतु पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया और महाकुंभ और 8 वर्ष के सुशासन पर बनी हुई फिल्म का भी प्रदर्शन भी यहां किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम विधान परिषद सदस्य मुख्य अतिथि विजय शिवहरे की अध्यक्षता में हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि अब देश और प्रदेश तेजी के साथ बदल रहा है। गांव को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है। सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि योगी जी का चेहरा विकास पुरुष का चेहरा है, जो हर वर्ग हर समुदाय के प्रति समर्पित है। उन्होंने परिवार नहीं बल्कि प्रदेश के नागरिकों की चिंता की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शहरी योजना 2.0 पुनः शुरू होने जा रही है। ई-श्रम योजना के माध्यम से श्रमिकों के जीवन में खुशी आ रही है। डीएम रमेश रंजन ने कहा कि इन आठ सालों में सामाजिक और आर्थिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। कृषि की बात करें तो 8 सालों में कृषि का ग्रोथ 5 प्रतिशत से बढ़कर 13 प्रतिशत हुआ है। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने कहा कि हमारी पुलिस आम नागरिकों के लिए पूरी तरह से समर्पित हैं। हम सुरक्षा और सहयोग के साथ 24 घंटे आपके लिए उपलब्ध हैं।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, ब्लाक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य आदि उपस्थित रहे।