फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की समीक्षा बैठक जिलाध्यक्ष यतेन्द्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक संगठन कार्यालय शास्त्रीपुरम, ककरऊ कोठी में हुई।
बैठक में संगठन की मजबूती और सदस्यता अभियान पर विचार-विमर्श किया गया। जनपद में होने वाले ब्लॉक स्तरीय अधिवेशन, शिक्षक संगोष्ठी और निर्वाचन कार्यक्रम की योजना बनाई गई। पदाधिकारियों ने सीमा पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाध्यक्ष यतेन्द्र यादव ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना संगठन का मुख्य उद्देश्य है। सभी ब्लॉक में मजबूत कार्यकारिणी बनाई जाएगी। इससे शिक्षकों की समस्याओं का समाधान ब्लॉक स्तर पर ही हो सकेगा। बैठक में विकलांग भत्ते का मुद्दा उठा। पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षकों को सरकार द्वारा निर्धारित राशि से कम भत्ता मिल रहा है। जिलाध्यक्ष ने इस मामले को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के संज्ञान में लाने का आश्वासन दिया। वक्ताओं ने संगठन के इतिहास पर प्रकाश डाला। निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर योग्य शिक्षकों को जोड़ने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व द्वारा घोषित शिक्षक हित के आंदोलनों में पूर्ण भागीदारी का संकल्प लिया। बैठक में जिला संरक्षक भानु प्रताप सिंह, जिला मंत्री सलिल यादव समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और ब्लॉक स्तर के प्रतिनिधि मौजूद रहे।