Friday, April 26, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » दुर्गा प्रतिमाओं का किया विसर्जन

दुर्गा प्रतिमाओं का किया विसर्जन

मां की विदाई से पूर्व हुए विशाल भंडारे के आयोजन
शोभायात्रा के मददेनजर पुलिस भी रही सतर्क
फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। शनिवार को नगर सिरसागंज में जगह जगह विराजी मां दुर्गा की झांकियों का धूमधाम के साथ विसर्जन किया गया। हर्षाेल्लास के साथ भक्तों ने माता को विदा किया। इस दौरान नगर में जगह जगह भंडारों का भी आयोजन किया गया। शनिवार को नगर की सडकें अबीर और गुलाल से पटी दिखाई दी। मां के भजनों पर थिरकते भक्त वातावरण को भक्तिमय बनाते हुए चल रहे थे।
नगर के मैन रोड, चिकान गली, छदामी की मठिया, सिरसा रोड, इटावा रोड, अरांव रोड, थाने के पास मोहल्ला गडरियान, बजरिया, बाल्मीकि मोहल्ला व सोथरा रोड सहित एक दर्जन से अधिक जगहों पर नवरात्रि के अवसर पर मां दुर्गा की झांकी सजाई गई थी। पूरे दिन तक बही भक्ति की बयार के बाद शनिवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया गया। चिकान गली में मां शेरो वाली समिति के राघव एवं प्रभव द्वारा एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया तो छदामी की मठिया पर हरविलास ने मां के भक्तों में हलुआ पूरी बांटी। मेरी अंखियों के सामने ही रहना ओ शेरो वाली जगदम्बे, मैया का चोला है रंग ला, अपने भक्तों की मैया लाज रखती आदि गीतों से वातावरण गुंजायमान रहा।



चिकान गली में विराजी मां विसर्जन की शोभायात्रा प्रारम्भ होकर इटावा रोड, सोथरा चैराहा, विजय चैक, कुंजपुर तिराहा, पैगू तिराहा, सुभाष तिराहा, गिहार कालौनी, डाक तिराहा, थाना रोड, मंडी गेट आदि स्थानों के भ्रमण के उपरान्त सूरजपुर में नहर पर पहुंची जहां पर नगर की विराजी सारी देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शोभायात्रा में माता की भेंटों पर भक्त थिरकते हुए चल रहे थे। शनिवार को नगर की सडकों से करीब एक दर्जन झांकियां गुजरी जो वातावरण को भक्ति से गुलजार कर रही थी। शोभायात्रा में सुरक्षा के मददेनजर पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया।