Wednesday, May 1, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » विमल गुप्ता की हत्या की जांच सीबीआई से करवाने की मांग

विमल गुप्ता की हत्या की जांच सीबीआई से करवाने की मांग

कानपुर नगर, जन सामना संवाददाता। कानून व्यवस्था को ध्वस्त और फेल बताते हुए उप्र उद्योग व्यापार संगठन, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और उत्तर प्रदेश प्लास्टिक मैन्युफैक्चरिंग वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में दिवंगत विमल गुप्ता के लिए आयोजित श्रद्धाजंलि सभा मे पुलिस को मामला खोलने के लिए रविवार तक का समय देते हुए रविवार के बाद मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग रखी गई और सड़क पे उतर के आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। चमनगंज भन्नानापुरवा में विमल गुप्ता की हत्या के विरोध में सड़क पे घटना स्थल के पास आयोजित शोक सभा मे 44 से ज्यादा व्यापार संगठनों ने विचार रखे और तय किया की पुलिस को रविवार 15 अक्टूबर तक का समय देकर इंतजार किया जाए और अगर सफलता नहीं मिलती है तो सीबीआई से जांच की मांग के साथ सोमवार से सड़क पे उतर के वृहद प्रदर्शन कर काली दीपावली मनाई जाए। दिवंगत व्यापारी के परिवार को 1 करोड़ का मुआवजा देने की मांग भी सबने रखी। आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील वैश्य ने कहा कि ऐसी घटनाऐं अगर नहीं रुकीं तो कानपुर में उद्योग व्यापार बंद हो जाएंगे।विजय कपूर ने कहा की विमल गुप्ता जैसे व्यापारी की हत्या इंसानियत की हत्या है। पीआईए के अध्यक्ष मनोज बंका ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पे सरकार ध्यान दे और नीति बनाए।

व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्रा ने सभी व्यापार संगठनों को एकजुट होकर संघर्ष करने की बात कही। व्यापारी नेता अभिमन्यु गुप्ता ने सीबीआई जांच की मांग रखते हुए खून से पत्र लिख कर विरोध प्रकट करने की बात कही। विधायक इरफान सोलंकी ने कहा कि प्रशासन को जगाए रखने के लिए आंदोलन जारी रखना पड़ेगा। हरप्रकाश अग्निहोत्री ने आश्वासन दिया कि पूरी कांग्रेस व्यापारियों के संघर्ष में उनके साथ है। फजल महमूद ने समाजवादी पार्टी की तरफ से व्यापारियों को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। महिला उद्यमी अर्चना गुप्ता ने कहा कि अपराधियों को पकड़ने की बजाय सीधे मौत की सजा मिलनी चाहिये। माथुर वैश्य समाज की राष्ट्रीय नेत्री पुष्पा गुप्ता ने कहा की महिलाऐं कंधे से कंधा मिलाके इस संघर्ष में साथ दिखेंगी। संचालन कर रहे पवन गुप्ता ने कहा की अगर पुलिस ने मामले का सही खुलासा कर दिया तो इस ही स्थान पे पुलिस का नागरिक अभिनंदन कर पुरस्कृत और स्वागत करने का काम व्यापारी समाज करेगा। पवन गुप्ता ने आगे कहा की व्यापारी समाज ने जो एकता दिखाई है अगर ऐसी ही एकता दिखती रही तो शासन प्रशासन व्यापारी समाज की बात सुनेगा। शोकसभा भावुक तब हुई जब दिवंगत व्यापारी विमल गुप्ता की बेटी पिंकी ने रोते हुए त्वरित न्याय और फांसी की सजा की मांग रखी ताकि आगे ऐसी घटना किसी और के साथ न घटे। व्यापारियों के अलावा सैकड़ों की संख्या में संभ्रांत परिवार की महिलाएं उपस्थित रहीं और अपने हाथों में अपराधियों को फांसी दो की तख्तियां लिए बैठी रहीं। पवन गुप्ता, सुनील वैश्य, विजय कपूर, ज्ञानेश मिश्रा, अभिमन्यु गुप्ता, हरप्रकाश अग्निहोत्री, इरफान सोलंकी, फजल महमूद, आनंद गुप्ता, मनोज बंका, मनोज गुप्ता, अमर गुप्ता, हरप्रीत सिंह बब्बर, उपेंद्र दुबे, जितेंद सिंह संधू, जफर अहमद, आतम जीत सिंह, विभोर शर्मा, शब्बीर अंसारी, बॉबी सिंह, मनीष गंगवानी, मो शादाब, रोशन गुप्ता, इखलाख मिर्जा, अजय गुप्ता, राजे गुप्ता, राम किशोर पोरवाल, इखलाख अहमद डेविड, आलोक मिश्रा, मनोज शुक्ला, कंवलजीत सिंह मानू, रवि गुप्ता मौजूद रहे।